मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को नैनीताल पुलिस मुस्तैद

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को नैनीताल पुलिस मुस्तैद

नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव-2026 में प्राण प्रतिष्ठा के बाद माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को और मजबूत कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस अधिकारी एवं जवान मेला क्षेत्र में लगातार मुस्तैद रहकर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित कर रहे हैं।

एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल श्रीमती अंजना नेगी तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में नैनीताल पुलिस मेला कमेटी के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित कर रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास व्यवस्था और सुगम दर्शन के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

मेला क्षेत्र में कंट्रोल रूम एवं खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं। कंट्रोल रूम से मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जबकि खोया-पाया केंद्र के माध्यम से बिछड़े बच्चों, बुजुर्गों अथवा अन्य लोगों को उनके परिजनों से मिलाने की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है तथा भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष फोकस किया गया है। नैनीताल रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारू करा रही हैं। पुलिसकर्मी लगातार सड़कों और मेला क्षेत्र में तैनात रहकर भीड़ एवं यातायात की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे अपने सामान और कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें, छोटे बच्चों एवं बुजुर्गों को अपने साथ रखें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्य बनाए रखते हुए पुलिस-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी बच्चे, बुजुर्ग या परिजन के बिछड़ने पर तत्काल खोया-पाया केंद्र से संपर्क करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई