माँ नंदा देवी महोत्सव में SSP मंजुनाथ टी.सी. का सुरक्षा पर सख्त फोकस, कंट्रोल रूम से रूट डायवर्जन तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
नैनीताल। ऐतिहासिक एवं धार्मिक माँ नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने सोमवार को महोत्सव क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
SSP ने मेला कंट्रोल रूम, CCTV कंट्रोल रूम, रूट डायवर्जन प्वाइंट्स सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सुरक्षा स्थलों का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने भीड़ के दबाव, यातायात संचालन, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी को लेकर अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
SSP डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने निर्देशित किया कि महोत्सव के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के बाद SSP नैनीताल ने सायंकालीन आरती में शामिल होकर माँ नंदा देवी की पूजा-अर्चना की और जनपद व प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
महोत्सव में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस एवं प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




