अब नए बिजली कनेक्शन के साथ लगेगा स्मार्ट प्री-पेड मीटर, उपभोक्ताओं के लिए किस्तों में भुगतान की सुविधा
फिरोज खान
रिपोर्ट-हैदर अली
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के उन सभी क्षेत्रों में जहां स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य प्राथमिकता पर चल रहा है, वहां नए बिजली कनेक्शन (कृषि उपभोक्ताओं को छोड़कर) केवल स्मार्ट प्री-पेड मीटर के साथ ही दिए जाएंगे। इस संबंध में यूपी पावर कॉरपोरेशन की ओर से 18 अक्टूबर 2025 को आदेश जारी किया गया है।
कॉरपोरेशन के निदेशक (वाणिज्य) प्रशांत वर्मा द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि स्मार्ट मीटर की एकमुश्त कीमत जमा करने में कुछ आवेदकों को कठिनाई हो रही थी। ऐसे में उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए स्मार्ट प्री-पेड मीटर की कीमत अब किस्तों में भी जमा की जा सकेगी।
सिंगल फेज स्मार्ट प्री-पेड मीटर के लिए दो विकल्प
कॉरपोरेशन ने दो भुगतान विकल्प निर्धारित किए हैं—
विकल्प-1:
आवेदक झटपट पोर्टल पर आवेदन करते समय एकमुश्त ₹6016 की राशि जमा करेगा।
विकल्प-2:
आवेदक किस्तों में भुगतान का विकल्प चुन सकता है। इसके तहत:
झुग्गी-झोपड़ी और पटरी दुकानदारों के लिए दो विकल्प दिए गए हैं:
1. ₹150 प्रति माह की दर से 60 माह तक भुगतान।
2. कनेक्शन के समय ₹1000 की प्रारंभिक राशि और शेष राशि ₹125 प्रति माह की दर से 60 माह तक।
अन्य उपभोक्ता (सिंगल फेज मीटर वाले) यदि किस्तों में भुगतान करना चाहते हैं, तो उन्हें ₹6016 की लागत 12 समान किश्तों में जमा करनी होगी। इस पर 12.50% स्थानांतरित बकाया शुल्क (carrying cost) लागू होगा।
अब हर नया कनेक्शन होगा स्मार्ट कॉरपोरेशन ने सभी डिस्कॉम को निर्देशित किया है कि स्मार्ट मीटर स्थापना वाले क्षेत्रों में जारी होने वाले सभी नए बिजली कनेक्शन केवल प्री-पेड स्मार्ट मीटर के साथ ही दिए जाएं।
इस आदेश की प्रतिलिपि अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा), सभी प्रबंध निदेशकों, निदेशकों एवं संबंधित अभियंताओं को भेजी गई है ताकि प्रदेशभर में इसे प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, शक्ति भवन, लखनऊ


