भैया दूज की खरीदारी कर रहे लोगों पर दरोगा की गुंडागर्दी!

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

भैया दूज की खरीदारी कर रहे लोगों पर दरोगा की गुंडागर्दी!

फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली

बाइकों को मारी लात,विरोध करने पर दी जेल भेजने की धमकी वीडियो वायरल, एसएसपी ने किया सस्पेंड

बरेली। भैया दूज के पावन पर्व पर देवचरा बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों के साथ दरोगा की गुंडागर्दी का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया।

मिठाई खरीद रहे आम नागरिकों की बाइकों को लात मारकर गिराने वाले दरोगा नरेंद्र राघव को एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

बुधवार को भमोरा थाना क्षेत्र के देवचरा बाजार में त्योहारी रौनक चरम पर थी। बहनें अपने भाइयों के लिए मिठाइयाँ और उपहार खरीद रही थीं।

तभी थाने में तैनात दरोगा नरेंद्र राघव मौके पर पहुंचे और सड़क किनारे खड़ी बाइकों को देखकर भड़क गए। बिना किसी कारण के उन्होंने लोगों को गालियाँ दीं और कई बाइकों को लात मारकर गिरा दिया।

विरोध करने वालों को दरोगा ने जेल भेजने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो में दरोगा को बाइकों को लात मारते और लोगों से अभद्रता करते साफ़ देखा जा सकता है।

एसएसपी ने तुरंत लिया संज्ञान
वीडियो वायरल होते ही एसएसपी अनुराग आर्य ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सीओ आंवला नितिन कुमार को जांच के निर्देश दिए।

जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद दरोगा नरेंद्र राघव को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई।

सीओ बोले दरोगा की हरकत से पुलिस की छवि धूमिल

सीओ नितिन कुमार ने बताया कि जांच में स्पष्ट हुआ कि दरोगा ने बाइकों को लात मारकर गिराया और लोगों से बदसलूकी की।

उन्होंने कहा, “इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है। इससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है। आरोपी दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

व्यापारियों में आक्रोश, बोले जनता की मदद करनी चाहिए थी पुलिस को
देवचरा बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में पुलिस के इस रवैए को लेकर गुस्सा है।

व्यापारियों ने कहा कि त्योहारी भीड़ में पुलिस को व्यवस्था संभालनी चाहिए थी, न कि आम लोगों पर रौब झाड़ना चाहिए था।“हम पुलिस से सुरक्षा की उम्मीद करते हैं, डर की नहीं,” एक दुकानदार ने कहा।

सोशल मीडिया पर छाया वीडियो, लोग बोले वर्दी में दबंगई बर्दाश्त नहीं
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

लोग दरोगा की हरकत पर सवाल उठा रहे हैं और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वर्दी में इस तरह की दबंगई से लोग नाराज़ हैं और प्रशासन से उम्मीद कर रहे हैं कि ऐसे अफसरों को बख्शा न जाए।

भैया दूज की खरीदारी के बीच पुलिस की गुंडागर्दी ने त्योहार की खुशियों में खलल डाल दिया। बरेली पुलिस कप्तान की तत्परता से कार्रवाई जरूर हुई है, लेकिन सवाल यह है कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाए, तो आम जनता किससे उम्मीद करे?

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई