विधवा पेंशन घोटाला: बरेली में 25 मामलों में FIR के आदेश, एसएसपी ने गठित की एसआईटी

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

विधवा पेंशन घोटाला: बरेली में 25 मामलों में FIR के आदेश, एसएसपी ने गठित की एसआईटी

फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह

1.23 करोड़ के फर्जीवाड़े में सुहागिनों, बिचौलियों और सत्यापनकर्ताओं पर कार्रवाई शुरू

बरेली में विधवा पेंशन घोटाले की परतें एक-एक कर खुल रही हैं। जिलाधिकारी द्वारा भेजी गई जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी अनुराग आर्य ने 25 मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं और व्यापक जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। पुलिस अब उन सभी महिलाओं, बिचौलियों और सत्यापनकर्ताओं की भूमिका खंगाल रही है, जिन्होंने पेंशन योजना में फर्जीवाड़ा कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा के नेतृत्व में एसआईटी गठित

विधवा पेंशन घोटाले की जांच के लिए बनाई गई एसआईटी का नेतृत्व एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा कर रही हैं। उनके साथ सीओ आंवला नितिन कुमार और थानाध्यक्ष आंवला केवी सिंह को भी टीम में शामिल किया गया है।
यह टीम उन सभी 25 मामलों की जांच करेगी, जिन्हें डीएम द्वारा गंभीर अनियमितताओं वाला बताया गया है। इनमें ऐसे प्रकरण भी शामिल हैं जहाँ सुहागिन महिलाएं वर्षों से विधवा पेंशन लेती रहीं।

पांच महीने चली एसडीएम की जांच, कई महत्वपूर्ण तथ्य उजागर

डीएम के निर्देश पर एसडीएम आंवला विदुषी सिंह ने लगभग पांच महीनों तक इस घोटाले की जांच की।

जांच में कई महिलाओं द्वारा पति के जीवित होने के बावजूद फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर पेंशन लेने की बातें सामने आईं।

रिपोर्ट में बिचौलियों की भूमिका भी उजागर हुई है, जो फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में शामिल थे।

हालांकि सत्यापनकर्ताओं के नाम स्पष्ट न होने के कारण एसडीएम ने बीडीओ और जिला प्रोबेशन अधिकारी से पत्राचार किया, लेकिन उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।

1.23 करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा उजागर

इस घोटाले से पहले चार नवंबर को भी पुलिस 56 सुहागिन महिलाओं और दो अपात्र वृद्धावस्था पेंशनधारकों से जुड़ा फर्जीवाड़ा उजागर कर चुकी है।
इन खाताधारकों को विभाग द्वारा लगभग 1.23 करोड़ रुपये की पेंशन किस्तों के रूप में भेजे जाने की पुष्टि हुई थी। इस खुलासे के बाद प्रशासन ने पिछली लंबित जांचों में तेजी दिखाई।

2023 में भी हुआ था बड़ा खुलासा

साल 2023 में भी आंवला तहसील क्षेत्र में 34 विवाहित महिलाओं द्वारा विधवा पेंशन लेने का मामला सामने आया था।
अब ताजा जांच में 61 सुहागिनों द्वारा कई वर्षों से लगातार पेंशन उठाने की बात सामने आई है।

एसएसपी बोले—कड़ी कार्रवाई होगी

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि डीएम की ओर से मिले पत्र में 25 मामलों में अनियमितताओं की पुष्टि हुई है।

उन्होंने बताया कि“एसपी दक्षिणी की निगरानी में एसआईटी गठित की गई है। टीम को एफआईआर दर्ज कर व्यापक जांच और विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।”

बरेली जिले में चल रहे इस बड़े फर्जीवाड़े की जांच अब तेज हो गई है और आने वाले दिनों में कई और नाम सामने आने की संभावना है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई