फायर टीम की फुर्ती से बड़ी अनहोनी टली जज आवास में लगी भीषण आग: इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट से हादसा,
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट /राजेश सिंह
बरेली। आवास विकास कॉलोनी में मंगलवार सुबह जज ज्ञानेंद्र त्रिपाठी के आवास पर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले गई और घर की पहली मंजिल पर रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
कैसे लगी आग?
मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे घर की पहली मंजिल पर लगे इन्वर्टर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। स्पार्क होते ही इन्वर्टर में आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते पास बने मंदिर वाले हिस्से तक पहुंच गई। आग लगते ही आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई और घर के बाहर भीड़ जमा हो गई।
जज ज्ञानेंद्र त्रिपाठी की पत्नी एवं श्रम विभाग में तैनात डॉ. मधुलिका त्रिपाठी ने बताया कि वह पूजा करने के बाद धूप सेंक रही थीं, तभी उनका बेटा तेज धुआं उठता देख चिल्लाता हुआ बाहर आया। जब तक परिवार अंदर पहुंचता, पहली मंजिल का फाइबर शीट वाला हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था, जिससे लपटें और भड़क गईं।
फायर टीम की तत्परता से बची बड़ी दुर्घटना
परिवार ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचना दी। कॉल मिलते ही सीएफओ मनु शर्मा के निर्देशन में फायर यूनिट मात्र दो मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में आए सामान में फाइबर शीट एसी की आउटडोर यूनिट जनेटर घरेलू सामान सब कुछ जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
जनहानि नहीं, नुकसान का आकलन जारी
अच्छी बात यह रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। फिलहाल आग से हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है और शॉर्ट सर्किट के मूल कारणों की जांच भी जारी है।


