कांग्रेस पार्टी ने SIR मामले पर सरकार को घेरा, मृतक बीएलओ के परिवार को 1 करोड़ मुआवज़े की मांग
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली। रामपुर गार्डन स्थित धनवंतरी तोमर चौराहा पर कांग्रेस कार्यालय में रविवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित हुई। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व महापौर प्रत्याशी गुरुजी डॉ. के.बी. त्रिपाठी, महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट, तथा पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कृष्णकांत शर्मा मौजूद रहे।
अजय राय सोमवार को बरेली आएंगे, मृत बीएलओ के घर करेंगे शोक संवेदना
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय राय सोमवार को बरेली आ रहे हैं।
वे SIR कार्य में लगे सहायक अध्यापक एवं बीएलओ सर्वेश कुमार गंगवार की हार्ट अटैक से हुई मौत पर शोक व्यक्त करेंगे और उनके परिजनों से मिलकर कांग्रेस हाईकमान का संदेश पहुंचाएंगे।
SIR की अंतिम तिथि बढ़ाने पर कांग्रेस ने कहा‘समय अभी भी कम’
प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ. के.बी. त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेसजनों द्वारा दिए गए ज्ञापन के बाद SIR की अंतिम तिथि 4 दिसंबर से बढ़ाकर 11 दिसंबर कर दी गई है, लेकिन यह अवधि अभी भी काफी कम है।
उन्होंने कहा—“SIR का कार्य सुचारू रूप से पूरा नहीं हो पा रहा है। कम-से-कम 3 महीने का अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए। बीएलओ और अधिकारी लगातार मानसिक दबाव में हैं।”
मृतक बीएलओ के परिवार को 1 करोड़ की आर्थिक सहायता की मांग
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मृतक बीएलओ सर्वेश गंगवार के परिवार को 1 करोड़ रुपये मुआवज़ा और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई थी।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने परिवार को एक दिन का वेतन तथा एक व्यक्ति को संविदा पर रखने का आश्वासन दिया है, लेकिन इसे “अपर्याप्त” बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस मामले में परिवार को न्याय दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगी।
‘SIR लागू करने में जल्दबाज़ी समझ से परे दिनेश दद्दा
महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि सरकार SIR प्रक्रिया बहुत तेज़ी से पूरी कराना चाहती है, जबकि विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं। उन्होंने कहा कि इतनी जल्दबाज़ी जनता और कर्मचारियों दोनों के लिए परेशानी पैदा कर रही है।
2003 तक की जानकारी ने बढ़ाई जनता की चिंता: कृष्णकांत शर्मा
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कृष्णकांत शर्मा ने कहा कि SIR में 2003 तक की जानकारी मांगने से मतदाताओं में घबराहट फैल गई है।
उन्होंने कहा—“लोग पुराने दस्तावेज़ खोजने में लगे हैं। केवल एक माह का समय देकर सरकार ने आम लोगों को तनाव में डाल दिया है।”


