बरेली में आज बड़ी कार्रवाई: आज़म खान के करीबी सपा नेता और राशिद के गुड मैरिज शादी हाल पर चलेगा बुलडोजर
फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली में अवैध निर्माणों पर प्रशासन की लगातार सख्ती के बीच आज दो बड़े मैरिज लॉन पर बुलडोजर चलने जा रहा है। सपा नेता और आजम खान–तौकीर रज़ा के करीबी माने जाने वाले सरफराज बली खान के मैरिज लॉन के साथ-साथ राशिद खान के मैरिज लॉन को भी बीडीए आज ध्वस्त करेगा।
मंगलवार सुबह बीडीए की टीम भारी पुलिस बल और PAC के साथ मौके पर पहुंच चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, आई लव मोहम्मद विवाद के बाद प्रशासन तौकीर रज़ा नेटवर्क पर सीधी कार्रवाई के मूड में है, और आज की ध्वस्तीकरण कार्यवाही उसी अभियान का अहम हिस्सा मानी जा रही है।
सोमवार को पुलिस बल कम मिला, कार्रवाई टली थी
सोमवार को बीडीए ने दोनों मैरिज लॉन पर ध्वस्तीकरण की योजना बनाई थी, लेकिन बारादरी थाना क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल न मिलने के कारण कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी। पुलिस सुबह से दोपहर तक मौके पर तैनात रही, लेकिन बीडीए टीम न पहुंचने पर लौटना पड़ा। इससे मैरिज लॉन संचालकों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन वह राहत केवल एक दिन की निकली।
सूफी टोला के मैरिज लॉन पर अवैध निर्माण का नोटिस
बीडीए ने सूफी टोला स्थित ऐवान-ए-फरहत मैरिज लॉन और गुड मैरिज हॉल को अवैध निर्माण बताते हुए नोटिस जारी किया था। आज़म खान के करीबी सपा नेता सरफराज बली खान और राशिद खान को तत्काल परिसर खाली करने और सामान हटाने का निर्देश दिया गया था। नोटिस मिलते ही सोमवार को सामान निकालना शुरू कर दिया गया था, लेकिन ध्वस्तीकरण टल गया था।
आज प्रशासन किसी भी हाल में कार्रवाई पूरा करने के लिए तैयार है।
आई लव मोहम्मद विवाद के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन
26 सितंबर को ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद ने बरेली में माहौल गरमा दिया था। मौलाना तौकीर रज़ा के प्रोटेस्ट के दौरान भीड़ बढ़ी और खलिल तिराहे पर पथराव, पेट्रोल बम और फायरिंग हुई। कई पुलिसकर्मी घायल हुए। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और केस दर्ज हुआ।
जांच में तौकीर रज़ा को हिंसा का मास्टरमाइंड बताते हुए गिरफ्तार किया गया। तौकीर रज़ा, उनकी पार्टी के नेताओं और समर्थकों सहित 87 लोगों को जेल भेजा गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दंगाइयों और उनके आर्थिक नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
250 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति पर चला बुलडोजर
सरकार के निर्देश के बाद प्रशासन ने अब तक करीब 250 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति ध्वस्त या सील की है।
अब तक हुई प्रमुख कार्रवाई तौकीर रज़ा के भतीजे और सपा पार्षद ओमान रज़ा का अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन ध्वस्त
नफीस के बारातघर पर बुलडोजर
मोहम्मद आरिफ की दो मंजिला मार्केट की 16 दुकानों को तोड़ा
फ्लोरा गार्डन के पास तीन मंजिला सुपर मार्केट गिराया गया
आज की कार्रवाई इस श्रृंखला का सबसे चर्चित चरण माना जा रहा है।
आज हर हाल में ध्वस्तीकरण बीडीए ने साफ किया है कि मंगलवार की कार्रवाई किसी भी हालत में नहीं रुकेगी। भारी पुलिस फोर्स, PAC और मजिस्ट्रेट मौके पर मौजूद हैं। भीड़, विरोध या किसी भी प्रकार के दबाव की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।
आज बरेली में बुलडोजर की सबसे हाई-प्रोफाइल कार्रवाई देखने को मिलेगी, और प्रशासन इसे तौकीर नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक वार के रूप में देख रहा है।


