एसपी सिटी मानुष पारिक ने संभाला मोर्चा सूफी टोला में बुल्डोज़र कार्रवाई के खिलाफ महिलाओं का हंगामा, घंटों से ठप पड़ी कार्यवाही

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

एसपी सिटी मानुष पारिक ने संभाला मोर्चा
सूफी टोला में बुल्डोज़र कार्रवाई के खिलाफ महिलाओं का हंगामा, घंटों से ठप पड़ी कार्यवाही

फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/राजेश सिंह

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के सूफी टोला में मंगलवार सुबह शुरू होने वाली बुल्डोज़र कार्रवाई महिलाओं के तीखे विरोध के कारण पूरी तरह ठप हो गई। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की टीम जैसे ही अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण के लिए पहुंची, बड़ी संख्या में घर की महिलाएं बाहर निकल आईं और बुल्डोज़र के सामने मानव श्रृंखला बनाकर बैठ गईं। उनके विरोध के चलते बीडीए और पुलिस टीम को घंटों तक इंतजार करना पड़ा।

सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ विरोध लगातार उग्र होता चला गया। महिलाओं का कहना है कि उन्हें अपने घरों और दुकानों से सामान निकालने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। उन्होंने प्रशासन पर अचानक कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया। महिलाएं लगातार बुल्डोज़र के आगे खड़े होकर पूरी कार्रवाई को रोकने में जुटी रहीं।

स्थिति बिगड़ती देख पहले सीओ सिटी पंकज मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब हालात नहीं सुधरे तो बाद में एसपी सिटी मानुष पारिक स्वयं भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोर्चा संभालते हुए महिलाओं से शांतिपूर्वक वार्ता की और समझाने की कोशिश की कि कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत ही की जाएगी।

इसके बावजूद महिलाएं अपने रुख पर डटी हुई हैं और लगातार प्रशासन से अतिरिक्त समय की मांग कर रही हैं। विरोध कम न होने के कारण सुबह से अब तक बुल्डोज़र एक इंच भी आगे नहीं बढ़ पाया है।

एसपी सिटी मानुष पारिक अभी भी मौके पर मौजूद हैं और हालात को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। पुलिस महिलाओं और अन्य लोगों को बार-बार समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है।

क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके। प्रशासन की अगली रणनीति विरोध शांत होने के बाद ही तय होगी।

सूफी टोला में फिलहाल ध्वस्तीकरण कार्रवाई पूरी तरह रूकी हुई है और पुलिस मौके पर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रही है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई