पूजा राणा हत्याकांड: बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर झोंकी गोली, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

 

पूजा राणा हत्याकांड: बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर झोंकी गोली, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

बरेली में सनसनी, पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में हत्यारोपी घायल, तमंचा बरामद

रिपोर्ट : राजेश सिंह 

बरेली। इवेंट मैनेजर पूजा राणा हत्याकांड में गिरफ्तार मुख्य आरोपी विमल कुमार ने पुलिस कस्टडी में रहते हुए फरार होने की कोशिश की। स्कूटी और मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए ले जाते समय आरोपी ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

घटना शुक्रवार की है, जब पुलिस टीम आरोपी को लेकर बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित बीडीए रामगंगा कॉलोनी पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मोबाइल फोन बरामद कराने के बहाने एक स्थान बताया और मौके का फायदा उठाते हुए पहले से छुपाकर रखे गए लोडेड तमंचे से अचानक पुलिस पर फायर कर दिया।

इलाके में मचा हड़कंप

फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

हथियार और कारतूस बरामद

मुठभेड़ के बाद आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और 315 बोर का एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कराई गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

कस्टडी में भी नहीं बदला आरोपी का रवैया

पूजा राणा हत्याकांड पहले से ही जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब पुलिस कस्टडी में रहते हुए आरोपी द्वारा फायरिंग और फरारी की कोशिश ने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या, पुलिस पर हमला और अवैध हथियार रखने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई