खेत में मौत का साया! बुजुर्ग किसान पर सियारों के झुंड का जानलेवा हमला, हालत गंभीर

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

खेत में मौत का साया! बुजुर्ग किसान पर सियारों के झुंड का जानलेवा हमला, हालत गंभीर

रिपोर्ट/सत्य प्रकाश 

बरेली। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव परोधी में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान पर जंगली सियारों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव परोधी निवासी 80 वर्षीय अगन लाल सुबह अपने खेत में मजदूरों के साथ गन्ना छीलने का काम कर रहे थे। तभी खेत के पास झाड़ियों से अचानक कई जंगली सियार निकल आए और बुजुर्ग किसान पर टूट पड़े। हमला इतना अचानक और भयावह था कि मौके पर मौजूद मजदूर कुछ पल तक कुछ समझ ही नहीं पाए।

सियारों के हमले में अगन लाल के शरीर के कई हिस्सों में गहरे घाव हो गए। मजदूरों और ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह सियारों को भगाया और तुरंत परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में घायल किसान को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।

चिकित्सकों के अनुसार बुजुर्ग किसान की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद गांव परोधी सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन वन विभाग और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।

ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने, सियारों को पकड़ने और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई