कानून से ऊपर स्कूल? बेदी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल पर BDA की बड़ी कार्रवाई

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

 

कानून से ऊपर स्कूल? बेदी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल पर BDA की बड़ी कार्रवाई

बिना नक्शा पास बने हिस्से का खुलासा, अवैध निर्माण पर चला प्राधिकरण का डंडा

रिपोर्ट : सत्य प्रकाश 

बरेली।

शहर के बारादरी थाना क्षेत्र स्थित बेदी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार वजह है स्कूल परिसर में किया गया बिना स्वीकृत नक्शा अवैध निर्माण, जिस पर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने सख्त रुख अपनाते हुए औपचारिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कटरा चांद खां निवासी सौरव गुप्ता की शिकायत के बाद बीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि स्कूल भवन का एक हिस्सा बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाया गया है। आरोप सही पाए जाने पर प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

सूत्रों के अनुसार, स्कूल प्रबंधन ने पूर्व अनुमति के बिना निर्माण कार्य कराया, जो सीधे तौर पर नियमों का खुला उल्लंघन है। अब बीडीए की ओर से निर्माण पर रोक, भारी जुर्माना या अवैध हिस्से के ध्वस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि वर्षों से संचालित इस नामी स्कूल का अवैध निर्माण अब तक कैसे बचता रहा? शिकायतकर्ता सौरव गुप्ता का कहना है कि उन्होंने पहले भी कई बार इस मुद्दे को उठाया, लेकिन तब कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी गई।

बीड़ीए के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्कूल प्रबंधन को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है, साथ ही उन्हें न्यायालय जाने का अधिकार भी है। वहीं, स्कूल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

फिलहाल, शिकायतकर्ता  पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। उनका साफ कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो शहर का नियोजित विकास सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह जाएगा।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई