जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत के बाद भी नहीं हटा सड़क के बीच खड़ा बिजली का खंभा, ग्रामीणों में नाराजगी
रिपोर्ट/सत्य प्रकाश
बरेली जिले के रिठौरा क्षेत्र में भंडसर रोड पर सड़क के बीच खड़ा बिजली का खंभा लगातार हादसों का कारण बना हुआ है। इस समस्या को लेकर किसान मजदूर कल्याण समिति के मंडल प्रभारी हिरदेश सिंह ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत का संदर्भ संख्या 40015025066077 है।
हिरदेश सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत भंडसर रोड का चौड़ीकरण कराया गया था, लेकिन सड़क के बीच खड़ा बिजली का खंभा अब भी नहीं हटाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि चौड़ीकरण के समय उन्होंने इसका विरोध भी किया था, जिस पर प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि सड़क निर्माण के बाद खंभे को हटा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खंभा सड़क के बीच होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोग घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा न तो मौके का निरीक्षण किया गया और न ही खंभे को हटाने की कोई कार्रवाई की गई।
हिरदेश सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत का संज्ञान लेते हुए सड़क के बीच खड़े इस खंभे को जल्द से जल्द दूसरी जगह शिफ्ट कराया जाए, ताकि आम लोगों को हो रही परेशानी और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।


