धोपेश्वरनाथ मंदिर के सेवादार ने फंदा लगाकर दी जान, 32 मिनट का वीडियो बनाकर यूट्यूब पर लगाए गंभीर आरोप
रिपोर्ट/राजेश सिंह
बरेली। कैंट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धोपेश्वरनाथ मंदिर में कार्यरत एक सेवादार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने करीब 32 मिनट 34 सेकंड का एक वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड किया, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका, उसके परिवार, अपने परिजनों और पुलिस पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धोपेश्वरनाथ मंदिर में सेवादार के रूप में काम करने वाले विजय राठौर ने यह कदम उठाने से पहले एक लंबा वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह काफी भावुक नजर आता है और बताता है कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। उसने कहा कि कई दिनों से उसे ठीक से नींद भी नहीं आ रही थी।
वीडियो में विजय ने आरोप लगाया कि उसके परिवार और एक युवती के परिजनों की ओर से उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उसने यह भी कहा कि उसके खिलाफ झूठी शिकायत कराई गई और पुलिस ने भी बिना उसकी पूरी बात सुने कार्रवाई की।
विजय ने वीडियो में बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात धोपेश्वरनाथ मंदिर में एक युवती से हुई थी। बाद में दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। युवक के मुताबिक उसने युवती को प्रपोज भी किया था और कुछ समय तक दोनों के संबंध सामान्य रहे।
हालांकि, युवक का कहना है कि महाशिवरात्रि से पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी। करीब एक महीने बाद युवती ने संदेश भेजकर स्पष्ट कर दिया कि वह अब उससे किसी भी तरह का संबंध नहीं रखना चाहती।
वीडियो में विजय राठौर कई बार भावुक होते हुए दिखाई देता है। उसने कहा कि उसकी इच्छा है कि यह वीडियो बरेली के एसएसपी तक पहुंचे, ताकि उसकी मौत के बाद उसके साथ हुए कथित अन्याय की निष्पक्ष जांच हो सके। उसने खुद को निर्दोष बताते हुए न्याय की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक द्वारा बनाए गए वीडियो और उसमें लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।


