बरेली में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई: अशरफ के करीबी समेत 25 बदमाश बने हिस्ट्रीशीटर, हर महीने देनी होगी थाने में हाजिरी

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई: अशरफ के करीबी समेत 25 बदमाश बने हिस्ट्रीशीटर, हर महीने देनी होगी थाने में हाजिरी

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। जिले में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के पूर्व माफिया विधायक अशरफ के करीबी माने जाने वाले फरहद खां उर्फ गुड्डू, पूर्व सपा पार्षद अकील उर्फ गुड्डू और जिला बदर प्रॉपर्टी माफिया सुमित सक्सेना समेत कुल 25 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस ने सभी हिस्ट्रीशीटरों के लिए एक विशेष कोड जारी किया है और उनके संबंधित थानों में हाजिरी रजिस्टर तैयार कर लिया गया है। अब इन सभी को हर महीने थाने पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी अनिवार्य होगी। इसके साथ ही पुलिस उनकी गतिविधियों, संपर्कों और आर्थिक लेनदेन पर लगातार निगरानी रखेगी।

इज्जतनगर थाना क्षेत्र के परतापुर जीवन सहाय निवासी मोहम्मद फरहद खां उर्फ गुड्डू पहले भी कई बार सुर्खियों में रह चुका है। खासतौर पर तब, जब उसने बरेली के केंद्रीय कारागार-2 में बंद प्रयागराज के कुख्यात माफिया अतीक और अशरफ से अवैध मुलाकातें की थीं। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अब पुलिस उसके पुराने नेटवर्क, पार्टनरशिप फर्मों, मोबाइल कॉल डिटेल (CDR) और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रही है।

वहीं इज्जतनगर के रहपुरा चौधरी निवासी पूर्व पार्षद अकील उर्फ गुड्डू भी पुलिस के रडार पर है। उसके खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा सहित करीब 11 मुकदमे दर्ज हैं। इसी तरह वीर सावरकर नगर निवासी सुमित सक्सेना के खिलाफ इज्जतनगर, प्रेमनगर, कोतवाली और बारादरी थानों में 11 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में डीएम अविनाश सिंह द्वारा उसे जिला बदर भी किया जा चुका है।

इसके अलावा कैंट, सुभाषनगर, इज्जतनगर, आंवला और नवाबगंज थाना क्षेत्रों के कई अन्य कुख्यात अपराधियों को भी इस सूची में शामिल किया गया है। इनमें दानिश उर्फ आफताब, जावेद, रोहित उर्फ कल्लू, रवि राणा, गुड्डू उर्फ मसरूर, गौरव, संगम गुप्ता, आकाश गुर्जर, विक्की, उस्मान उर्फ पाशा, अजय उर्फ गुल्ला, शिवम उर्फ गोलू, विकास कश्यप उर्फ भल्ला, सचिन कुमार, राहुल मौर्य, सलमान, राशिद सैफी, फारुख कुरैशी, इस्लाम अली, रईस उर्फ सोना, मुशर्रफ खां और बबलू उर्फ बौरा जैसे नाम शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गोकशी और अन्य गंभीर अपराधों में मुकदमे दर्ज रहे हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि इन सभी की हिस्ट्रीशीट “बी कैटेगरी” में खोली गई है, जो अभ्यस्त अपराधियों के लिए निर्धारित होती है। ऐसे अपराधी आम जनता को डराकर और दबाव बनाकर अवैध तरीके से धन अर्जित करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और संगठित अपराध के नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से की गई है।

अब पुलिस की विशेष टीमें इन हिस्ट्रीशीटरों के मूवमेंट, संपर्कों और आर्थिक गतिविधियों पर खुफिया नजर रखेंगी। इनके साथ जुड़े सहयोगियों और संरक्षण देने वालों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी आरोपियों की विस्तृत क्राइम कुंडली तैयार कर रही है, ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

एक वरिष्ठ अधिवक्ता के अनुसार, किसी भी व्यक्ति की एक बार हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद वह सामान्यतः जीवनभर सक्रिय रहती है। ऐसे में संबंधित व्यक्ति को नियमित रूप से थाने में हाजिरी देनी होती है और उसकी हर गतिविधि पुलिस की निगरानी में रहती है। इस सख्त कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहा है कि बरेली पुलिस अब अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई