बरेली में ‘ऑपरेशन HS’ का कहर, 375 पार हिस्ट्रीशीटर

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में ‘ऑपरेशन HS’ का कहर, 375 पार हिस्ट्रीशीटर

पीलीभीत बाईपास गैंगवार का मास्टरमाइंड राजीव राणा भी लिस्टेड, 3 दिन में 42 अपराधियों पर कार्रवाई

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली।जनपद में बढ़ते अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने अब आर-पार की रणनीति अपना ली है। एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन HS’ के तहत 17 और शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। इसके साथ ही जिले में कुल हिस्ट्रीशीटरों की संख्या 375 के पार पहुंच गई है।

पुलिस ने पीलीभीत बाईपास गैंगवार के मुख्य सरगना राजीव राणा को भी आधिकारिक तौर पर हिस्ट्रीशीटर घोषित कर दिया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी समेत करीब 10 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

गौरतलब है कि 22 जून 2024 को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के पीलीभीत बाईपास पर जमीन कब्जे को लेकर दो गुटों में भीषण गैंगवार हुई थी। करीब आधे घंटे तक चली इस वारदात में 100 से अधिक राउंड फायरिंग हुई थी। एक मकान की दीवार में 16 गोलियां धंसी मिली थीं। पुलिस के पहुंचने के बावजूद हमलावरों का दुस्साहस जारी रहा था।

तीन दिन में 42 हिस्ट्रीशीटर, बढ़ी सख्ती

एसएसपी के सख्त रुख का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महज तीन दिनों में 42 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। अब हर 15 दिन में इनकी गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही ‘यक्ष एप’ के माध्यम से डिजिटल निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।

कई कुख्यात चेहरे रडार पर

पुलिस द्वारा जारी सूची में कई बड़े अपराधियों के नाम शामिल हैं। इनमें सलमान (33 मुकदमे), सियानंद उर्फ श्याम (19 मुकदमे), रविंद्र उर्फ राजू (25 मुकदमे), कल्लू (सिधवा) (32 मुकदमे) समेत जुनैद, इमरान उर्फ बम्बईया और वसीम उर्फ गंटी जैसे शातिर चोर व तस्कर शामिल हैं। इन सभी को नियमित रूप से थाने में हाजिरी देनी होगी।

नेटवर्क तोड़ने पर फोकस

एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन HS’ के तहत गैंगवार में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनके नेटवर्क को तोड़ा जा रहा है। साथ ही लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सख्त संदेश

पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। साफ संदेश दिया गया है कि या तो अपराध छोड़ दें, अन्यथा कानून का सख्त सामना करने के लिए तैयार रहें।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई