फरीदपुर में बी-फार्मा छात्र की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव—परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

फरीदपुर में बी-फार्मा छात्र की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव—परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली (फरीदपुर):फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक बी-फार्मा छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। किराए के कमरे में छात्र का शव फंदे से लटका मिलने के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। वहीं, परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

छात्र की पहचान:

मृतक की पहचान बदायूं जिले के दातागंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला हरेला निवासी 21 वर्षीय रामकिशोर के रूप में हुई है। वह फरीदपुर में किराए के मकान में रहकर बी-फार्मा तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।

ऐसे हुआ खुलासा:

गुरुवार शाम पड़ोसियों ने कमरे के अंदर रामकिशोर का शव रस्सी के सहारे लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दरवाजा खुलवाया और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके पर फॉरेंसिक टीम द्वारा भी जांच की गई है।

परिजनों का आरोप—हत्या की आशंका:

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता बाबूराम ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए कहा कि यह आत्महत्या नहीं हो सकती। उनका कहना है कि रामकिशोर का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह किसी मानसिक तनाव में भी नहीं था। ऐसे में उसकी मौत कई सवाल खड़े कर रही है।

5 अप्रैल को गया था घर से:

परिजनों के अनुसार, रामकिशोर 5 अप्रैल को पढ़ाई के लिए घर से निकला था और पूरी तरह सामान्य था। किसी प्रकार की परेशानी या विवाद की कोई जानकारी नहीं मिली थी, जिससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है।

परिवार में मचा मातम:

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मां शिवकांता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पूरे गांव में शोक की लहर है।

पुलिस जांच में जुटी:

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या—दोनों एंगल से जांच कर रही है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई