Tuesday, April 21, 2026
Google search engine
HomeBareillyगर्मी बढ़ते ही बरेली में मच्छरों का कहर, मलेरिया के 17 और...

गर्मी बढ़ते ही बरेली में मच्छरों का कहर, मलेरिया के 17 और डेंगू के 3 मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

गर्मी बढ़ते ही बरेली में मच्छरों का कहर, मलेरिया के 17 और डेंगू के 3 मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

19 दिन में मलेरिया के 6 नए केस, गांवों में अभियान तेज—सीएमओ ने लापरवाही पर लगाई फटकार

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली।गर्मी की शुरुआत के साथ ही बरेली जिले में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। हालात ऐसे हैं कि अब मलेरिया के साथ-साथ डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में मलेरिया मरीजों की संख्या बढ़कर 17 और डेंगू के मरीज 3 हो गए हैं। केवल अप्रैल के पहले 19 दिनों में ही मलेरिया के 6 नए मामले सामने आए हैं, जिससे विभाग की चिंता बढ़ गई है।

स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान के तहत गांव-गांव स्वास्थ्य टीमों को भेजा जा रहा है, जो लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ रोकथाम के उपाय भी कर रही हैं।

संवेदनशील गांवों का निरीक्षण, आरोग्य मेले का जायजा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी विश्राम सिंह ने रविवार को मीरगंज ब्लॉक के अति संवेदनशील गांव बल्लिया और धनेटा का दौरा कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने हुरहुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित आरोग्य मेले का भी निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखी।

मीरगंज में बच्चे समेत दो मरीज, फतेहगंज पश्चिमी में डेंगू केस

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले महीने तक जिले में मलेरिया के 11 और डेंगू के 2 मामले थे। लेकिन अप्रैल में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। मीरगंज क्षेत्र के वंशीपुर और मझगवां गांव में दो नए मलेरिया केस सामने आए हैं, जिनमें एक 6 वर्षीय बच्चा भी शामिल है।

अब तक मिले 17 मलेरिया मरीजों में 12 प्लाज्मोडियम वाइवैक्स, 4 प्लाज्मोडियम फाल्सीपेरम और 1 मिक्स केस शामिल है।

वहीं, फतेहगंज पश्चिमी में डेंगू का नया मामला सामने आया है। यहां एक ट्रक हेल्पर की निजी मेडिकल कॉलेज में जांच के दौरान रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है।

गांवों में गंदगी पर सीएमओ सख्त

निरीक्षण के दौरान कई गांवों में गंदगी, जाम नालियां और झाड़ियों की भरमार मिली। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए एडीओ पंचायत, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए और नियमित एंटीलार्वा छिड़काव व फॉगिंग कराई जाए।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

सीएमओ ने ग्रामीणों से अपील की कि मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। बुखार आने पर तुरंत जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा का पूरा कोर्स लें।

स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि गर्मी बढ़ने के साथ मच्छर जनित बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है, इसलिए सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments