महिलाओं के सम्मान पर समझौता नहीं: केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर तीखा हमला

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

महिलाओं के सम्मान पर समझौता नहीं: केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर तीखा हमला

नारी वंदन कार्यक्रम में बोले डिप्टी सीएम—महिला आरक्षण पर राजनीति करने वालों को जनता देगी जवाब

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली, शुक्रवार।

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बरेली दौरे के दौरान विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में आयोजित नारी वंदन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सर्किट हाउस में हुई प्रेस वार्ता में उन्होंने साफ कहा कि देश की महिलाएं अब पूरी तरह जागरूक हो चुकी हैं और उनके सम्मान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान मौर्य ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि महिला आरक्षण जैसे ऐतिहासिक अवसर पर इन दलों ने बाधाएं खड़ी कीं। उन्होंने इसे “देश की आधी आबादी के अधिकारों के साथ अन्याय” बताते हुए उस दिन को ‘काला दिन’ करार दिया।

संसद के व्यवहार पर जताई नाराजगी

मौर्य ने संसद के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जब महिला आरक्षण बिल को समर्थन नहीं मिला, तब विपक्षी सांसद मेजें थपथपाकर खुशी जता रहे थे। उन्होंने कहा कि यह व्यवहार महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है। वहीं प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे पर तंज कसते हुए कहा कि असली परीक्षा संसद में होती है, न कि केवल नारों में।

सरकारी योजनाओं को बताया सशक्तिकरण का आधार

डिप्टी सीएम ने नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी, सौभाग्य योजना और आयुष्मान योजना जैसी पहल ने महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब महिलाएं बराबरी की भागीदार बनेंगी।

2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मौर्य ने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की स्थिति बेहद कमजोर होने वाली है। आरोप लगाया कि सपा शासन में अव्यवस्था और कब्जे की मानसिकता हावी थी। मौर्य ने दावा किया कि जब विपक्षी नेता जनता के बीच जाएंगे, तो महिलाएं ही उन्हें जवाब देंगी।

कार्यक्रम के बाद मौर्य पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के आवास भी पहुंचे, जहां उन्होंने करीब आधे घंटे तक चर्चा की। इसके बाद सर्किट हाउस में प्रेस से बातचीत कर उन्होंने संकेत दिए कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे को बूथ स्तर तक ले जाने की रणनीति बना रही है। इस दौरान जिले के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई