बरेली में बेहतर पुलिसिंग पर एसएसपी का बड़ा फैसला: 10 चौकी इंचार्ज सम्मानित, 10 को चेतावनी

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में बेहतर पुलिसिंग पर एसएसपी का बड़ा फैसला: 10 चौकी इंचार्ज सम्मानित, 10 को चेतावनी

जनता की शिकायतों के निस्तारण और अपराध नियंत्रण के आधार पर हुई समीक्षा

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली। जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने अप्रैल 2026 के कार्यों की समीक्षा के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 चौकी प्रभारियों को सम्मानित किया है। बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया, जबकि अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले 10 चौकी प्रभारियों को चेतावनी जारी की गई है।

कामकाज की मासिक समीक्षा में हुआ मूल्यांकन

एसएसपी कार्यालय में हुई मासिक समीक्षा बैठक में चौकी प्रभारियों के कार्यों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। इस दौरान जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, लंबित मामलों के निपटारे और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता जैसे महत्वपूर्ण मानकों को आधार बनाया गया।

जोगीनवादा चौकी ने हासिल किया पहला स्थान

समीक्षा में बारादरी थाना क्षेत्र की जोगीनवादा चौकी सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली चौकी साबित हुई। चौकी प्रभारी कुशलपाल सिंह को प्रथम स्थान प्राप्त होने पर 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

दूसरे स्थान पर सेंथल चौकी के प्रभारी सतेन्द्र कुमार और तीसरे स्थान पर मुड़िया चौकी के प्रभारी राजू कुमार रहे। इनके अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों के सात अन्य चौकी प्रभारियों को भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

इन चौकी प्रभारियों को मिला सम्मान

सम्मानित होने वाले पुलिस अधिकारियों में टांडा छंगा चौकी के देवेन्द्र कुमार राठी, कांकरटोला चौकी के जावेद अख्तर, बैरियर-02 चौकी के मोहित कुमार, बल्लिया चौकी के शैलेन्द्र सिंह, मॉडल टाउन चौकी के जितेन्द्र कुमार, सिविल लाइन चौकी की प्रभारी कोमल कुण्डू तथा कताई मिल चौकी के रजनीश कुमार शामिल रहे।

खराब प्रदर्शन पर 10 चौकी प्रभारियों को चेतावनी

समीक्षा के दौरान जिन चौकी प्रभारियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया, उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्य में लापरवाही और उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

चेतावनी पाने वालों में बभिया चौकी के दीपक कुमार शर्मा, लाल फाटक चौकी के त्रिवेन्द्र कुमार, रामगंगा चौकी के प्रसून कटियार, धौरेरा चौकी के सुरेन्द्र सिंह, कुतुबखाना चौकी के अनूप सिंह, कस्बा चौकी के नितिन शर्मा, मनौना धाम चौकी के नरेन्द्र राघव, गैनी चौकी के सूरजीत सिंह, बढ़ागांव चौकी के मनोज कुमार और करगैना चौकी के राजेन्द्र सिंह सिरोही शामिल हैं।

करगैना चौकी प्रभारी की होगी जांच

एसएसपी अनुराग आर्य ने करगैना चौकी प्रभारी राजेन्द्र सिंह सिरोही के कार्यों को लेकर प्रारंभिक जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अच्छा काम करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से पूरे पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बनता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जनता का विश्वास मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।

 

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई