मोहर्रम को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट, एसएसपी अनुराग आर्य ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

मोहर्रम को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट, एसएसपी अनुराग आर्य ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने गूगल मीट के माध्यम से जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों (सीओ) और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति और मोहर्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक में एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धर्मगुरुओं, ताजियादारों, आयोजकों और स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की गलतफहमी या विवाद की संभावना को पहले ही समाप्त किया जा सके। साथ ही सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।

एसएसपी ने मोहर्रम के जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क, बिजली के तार, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं की समय रहते जांच पूरी कर ली जाए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए नियमित पैदल गश्त और फ्लैग मार्च आयोजित करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि भड़काऊ पोस्ट, अफवाह फैलाने वाले संदेश और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जुलूस मार्गों और प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मोहर्रम के दौरान पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि बरेली पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा और भाईचारे का माहौल बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई