Sunday, June 14, 2026
Google search engine
HomeBareillyबरेली पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 शातिर अपराधियों की खोली गई हिस्ट्रीशीट,...

बरेली पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 शातिर अपराधियों की खोली गई हिस्ट्रीशीट, अब रहेगी हर गतिविधि पर नजर

बरेली पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 शातिर अपराधियों की खोली गई हिस्ट्रीशीट, अब रहेगी हर गतिविधि पर नजर

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या, डकैती, गौकशी, रंगदारी, चोरी, वाहन चोरी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में शामिल 12 सक्रिय अपराधियों की क्लास (बी) हिस्ट्रीशीट खोल दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में सक्रिय अपराधियों की निगरानी बढ़ाना और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, उनकी गतिविधियों पर अब लगातार नजर रखी जाएगी। यदि इनमें से कोई भी व्यक्ति भविष्य में किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भमोरा के चार अपराधी पुलिस की निगरानी सूची में

थाना भमोरा क्षेत्र में चार अपराधियों को हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है। इनमें रंगदारी और हत्या के प्रयास के मामलों में आरोपी सुरकेश के खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज हैं। वाहन चोरी और चोरी की वारदातों में शामिल मैकूलाल उर्फ माइकल पर 9 मुकदमे दर्ज हैं। नूरहसन के खिलाफ चोरी के 13 मामले दर्ज हैं, जबकि धर्मेंद्र डकैती जैसे गंभीर अपराध में शामिल रहा है और उसके खिलाफ 8 मुकदमे दर्ज हैं।

देवरनिया में गौकशी से जुड़े आरोपियों पर शिकंजा

थाना देवरनिया क्षेत्र में गौकशी के मामलों में सक्रिय चार आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें विकार अहमद और महताब के खिलाफ 9-9 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं चन्दा और उस्मान शाह उर्फ राजा पर 6-6 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी लंबे समय से गौकशी से जुड़े मामलों में सक्रिय रहे हैं।

किला और सीबीगंज क्षेत्र के आरोपी भी रडार पर

किला थाना क्षेत्र के आबिद उर्फ बाबू और राशिद को भी हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है। दोनों पर गौकशी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। आबिद के खिलाफ 4 और राशिद के खिलाफ 2 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सीबीगंज थाना क्षेत्र के रहीश को भी हिस्ट्रीशीट में शामिल किया गया है, जिसके खिलाफ गौकशी के तीन मामले दर्ज हैं।

अलीगंज का राजवीर भी हिस्ट्रीशीटर घोषित

थाना अलीगंज क्षेत्र के राजवीर सिंह की भी क्लास (बी) हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ गौकशी, हत्या और हत्या के प्रयास सहित कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह क्षेत्र का सक्रिय अपराधी है और उसकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

गौकशी से जुड़े सबसे ज्यादा आरोपी

पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीट खोले गए 12 अपराधियों में से सात आरोपी गौकशी के मामलों से जुड़े हैं। इसके अलावा चोरी, वाहन चोरी, डकैती, रंगदारी, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराधों में शामिल अपराधियों को भी निगरानी सूची में रखा गया है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments