बरेली दौरे पर आज मुख्यमंत्री योगी, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की होगी बड़ी समीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली दौरे पर आज मुख्यमंत्री योगी, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की होगी बड़ी समीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा, लंबित परियोजनाओं की प्रगति और कानून व्यवस्था का जायजा लेने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जबकि मौसम में बदलाव और हल्की बारिश के बावजूद तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है।

मुख्यमंत्री रामपुर में जनसभा के बाद हेलीकॉप्टर से बरेली पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद वह सर्किट हाउस में लोक निर्माण विभाग (PWD) की पुरानी और नई परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करेंगे। बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता पर विशेष जोर रहेगा। इसके बाद मंडल के चार जिलों—बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं—के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी, जिसमें विकास योजनाओं के साथ कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।

समीक्षा बैठक में स्मार्ट सिटी की अधूरी परियोजनाएं, इज्जतनगर में निर्माणाधीन बस अड्डा, नए रोडवेज बस अड्डों के प्रस्ताव, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य लंबित विकास कार्य प्रमुख मुद्दे रहेंगे। बताया जा रहा है कि स्मार्ट सिटी परियोजना पर करीब 930 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद कई काम अधूरे हैं, इसलिए मुख्यमंत्री संबंधित अधिकारियों से देरी के कारणों पर जवाब तलब कर सकते हैं और परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य कर दी गई है। जीआईसी ग्राउंड और कार्यक्रम स्थलों के आसपास की इमारतों की छतों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि मुख्यमंत्री के रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

दूसरी ओर मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर स्वागत होर्डिंग लगाए गए हैं, जिनमें सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 3:45 बजे त्रिशूल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और वहां से राजकीय विमान द्वारा लखनऊ लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे से प्रशासनिक अमले में पूरी तरह सक्रियता बनी हुई है और सभी विभागों को पहले से आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई