सेंट थेरेसा स्कूल में बाल अधिकारों पर कार्यशाला, आयोग सदस्य योगेश रजवार ने दिए सख्त निर्देश

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सेंट थेरेसा स्कूल में बाल अधिकारों पर कार्यशाला, आयोग सदस्य योगेश रजवार ने दिए सख्त निर्देश

स्कूल प्रबंधन को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश, नशामुक्त उत्तराखंड के लिए जागरूकता पर दिया जोर।सहसंपादक हरीश भाकुनी हल्द्वानी

काठगोदाम, 5 अगस्त 2026। सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल काठगोदाम में बुधवार को उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में शिक्षक-अभिभावक संघ, स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावक, विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के बच्चों ने कुमाऊंनी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को बाल अधिकार संरक्षण आयोग की भूमिका, बच्चों के अधिकारों और उनके संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इस दौरान आयोग सदस्य रजवार ने खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, जिला प्रोविजन विभाग की अधिकारी पलवी तिवारी, बाल कल्याण समिति सदस्य, चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक किरण पंत तथा परिवहन विभाग के आरआई सहित अन्य अधिकारियों के साथ विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन एवं शिक्षकों को विद्यालय की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग की अपील

कार्यशाला में अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए योगेश रजवार ने कहा कि बच्चों के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास के लिए अभिभावकों और विद्यालय के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपने पाल्यों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए विद्यालय के साथ मिलकर प्रयास करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता, प्रभावी कानून व्यवस्था और विभिन्न अभियानों के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं पलवी तिवारी, चाइल्ड कोऑर्डिनेटर किरण पंत एवं बीना राणा ने भी बच्चों को बाल संरक्षण, सुरक्षा एवं सहायता से जुड़ी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिकाओं ललिता साह एवं नीतू काराकोटी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल फादर राजेश, स्कूल मैनेजर फादर डेरिक, पीटीआई एवं कार्यक्रम संयोजक इंद्र कार्की सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई