नैनीताल में SIR अभियान का आयुक्त दीपक रावत ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

नैनीताल में SIR अभियान का आयुक्त दीपक रावत ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

सहसंपादक हरीश भाकुनी

नैनीताल, 7 अगस्त 2026। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को नैनीताल जिला मुख्यालय में विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग कार्यालय, सीआरएसटी इंटर कॉलेज मल्लीताल तथा के.एल. साह ट्रस्ट नगर पालिका परिषद बा.इ.का. में संचालित SIR कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बूथों पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य, नोटिसों की तामील, रसीद उपलब्ध कराने तथा मतदाताओं की समस्याओं के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि SIR से जुड़े सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरे किए जाएं।

 

स्कैनिंग के दौरान मतदाता सूची में मिलीं कुछ त्रुटियां

 

आयुक्त दीपक रावत ने स्वयं बूथ पर स्कैनिंग के माध्यम से मतदाता सूची का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ त्रुटियां सामने आईं। उन्होंने बताया कि अधिकांश त्रुटियां मतदाताओं के नाम से संबंधित हैं। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें संबंधित तिथि भी अंकित की गई है।

 

उन्होंने कहा कि नोटिस प्राप्त मतदाता निर्धारित तिथि पर अपने बूथ पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने नाम से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करा सकते हैं। इसके लिए हाईस्कूल (10वीं) का प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र और आवश्यकता होने पर जाति प्रमाणपत्र सहित निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

 

2003 के आधार पर मैपिंग और नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया

 

आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2003 के आधार पर जिन मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है अथवा जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बूथ पर उपस्थित होकर नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

 

उन्होंने आमजन से अपील की कि SIR को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति वास्तविक एवं पात्र मतदाता है, उसका नाम नियमानुसार प्रक्रिया के बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा और पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का पूरा अधिकार रहेगा।

 

बूथों पर AERO की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश

 

आयुक्त ने बताया कि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) के लिए बूथवार बैठने का शेड्यूल तैयार किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी AERO निर्धारित तिथि और समय पर अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहें और मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

 

KMVN पार्किंग स्थल का भी किया औचक निरीक्षण

 

SIR कार्यों के निरीक्षण के बाद आयुक्त दीपक रावत ने कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) के वाहन पार्किंग स्थल का भी औचक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पार्किंग स्थल के निर्माण कार्य में अब तक करीब 20 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च हो चुकी है। पार्किंग स्थल के चारों ओर रेलिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि परिसर के समीप 9 दुकानों का निर्माण भी पूर्ण किया जा चुका है।

 

आयुक्त ने कहा कि पार्किंग स्थल को जल्द से जल्द संचालित किया जाना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर पार्किंग स्थल को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसडीएम नैनीताल नवाजिश खालिक, सहायक निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे सहित विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजर और बीएलओ मौजूद रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई