गौलापार-चोरगलिया में सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, शेर नाले पर 9.93 करोड़ के पुल का किया लोकार्पण

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

गौलापार-चोरगलिया में सीएम धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, शेर नाले पर 9.93 करोड़ के पुल का किया लोकार्पण

सहसंपादक हरीश भाकुनी हल्द्वानी

हल्द्वानी (चोरगलिया), 16 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को जनपद नैनीताल के भ्रमण पर चोरगलिया पहुंचे। राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

 

इससे पहले राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी के हैलीपैड पर मुख्यमंत्री का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वागत किया।

 

शेर नाले पर बना नया पुल, बरसात में आवागमन होगा सुगम

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके बाद हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

 

बरसात के मौसम में शेर नाला उफान पर आने के कारण इस मार्ग पर आवागमन लंबे समय तक बाधित रहता था। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

 

नवनिर्मित डबल लेन पुल के शुरू होने से अब मानसून के दौरान आवागमन सुगम होने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पुल के लोकार्पण पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।

 

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई