जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की मौजूदगी में ग्रामीण स्वरोजगार विकास संस्थान आरसेटी का शुभारंभ, बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक लाल सिंह ने किया उद्घाटन
युवाओं और महिलाओं को 65 से अधिक क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण, स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
हल्द्वानी, 18 सितंबर 2026। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। शुक्रवार को बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक श्री लाल सिंह ने ग्रामीण स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी), हल्द्वानी का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं आरसेटी के निदेशक मौजूद रहे।
65 से अधिक क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक श्री लाल सिंह ने कहा कि बैंक द्वारा युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 65 से अधिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। ग्रामीण स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी) के माध्यम से लोगों को विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जोड़ने और उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आरसेटी के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देना विकसित भारत के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संस्थान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता को बढ़ावा देने का आह्वान
इस अवसर पर जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल ने उद्यमियों एवं प्रशिक्षणार्थियों को ‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों, स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दिया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने युवाओं एवं महिलाओं से स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे आने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा मिलने से रोजगार के अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के बरेली अंचल के अंचल प्रमुख श्री प्रतीक अग्निहोत्री, आरसेटी के निदेशक श्री अतुल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीण स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी), हल्द्वानी का शुभारंभ ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।





