उमस भरी गर्मी से बच्चों को राहत, सारथी फाउंडेशन ने प्राथमिक विद्यालय बमोरी को भेंट किए 2 इलेक्ट्रिक कूलर
हल्द्वानी, 22 सितंबर। उमस भरी गर्मी में स्कूली बच्चों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सारथी फाउंडेशन समिति ने मानवीय पहल करते हुए राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बमोरी नगर को दो इलेक्ट्रिक कूलर भेंट किए। यह सहयोग डाॅ. सुरेश टम्टा के विशेष सहयोग से उपलब्ध कराया गया। संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत एवं सचिव ज्ञानेद्र जोशी ने विद्यालय परिसर में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में प्रधानाचार्या श्रीमती चम्पा पुरोहित को दोनों कूलर सौंपे। अध्यक्ष नवीन पंत ने कहा कि भीषण उमस के कारण छोटे बच्चों को कक्षाओं में बैठने में परेशानी हो रही थी, जिसे देखते हुए समिति ने तत्काल कूलरों की व्यवस्था की। सचिव ज्ञानेद्र जोशी ने बताया कि सारथी फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यालयों एवं संस्थानों को सहयोग दिया जाएगा। प्रधानाचार्या चम्पा पुरोहित ने संस्था का आभार जताते हुए कहा कि इस सहयोग से बच्चों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





