मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बिन्दुखत्ता को बड़ी सौगात, 1000 लोगों की क्षमता वाला बनेगा सांस्कृतिक हॉल; स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम का भी होगा निर्माण

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बिन्दुखत्ता को बड़ी सौगात, 1000 लोगों की क्षमता वाला बनेगा सांस्कृतिक हॉल; स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम का भी होगा निर्माण

लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्यमंत्री ने की दो बड़ी घोषणाएं, महान लोकगायक प्रहलाद दा को दी श्रद्धांजलि; तीन लोक कलाकारों को किया सम्मानित

 

बिन्दुखत्ता (लालकुआं), 23 नवंबर 2026।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन अवसर पर बिन्दुखत्ता को दो बड़ी सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्कूल, स्टेडियम सहित स्थानीय स्तर पर प्रस्तावित सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही बिन्दुखत्ता में कम से कम 1000 लोगों के बैठने की क्षमता वाले विशाल सांस्कृतिक हॉल का निर्माण कराया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित भी किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा केवल एक लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, सामाजिक सरोकारों और आम लोगों की भावनाओं की सजीव झलक मिलती थी। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और अधिकारों का संदेश दिया, वहीं ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीतों में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना को स्वर दिया।

 

उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और विचार लोगों के दिलों में जीवित रहें। प्रहलाद दा ने अपने लोकगीतों के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उनके परिवार, विशेषकर उनके सुपुत्रों और प्रशंसकों की सराहना की, जो उनकी स्मृतियों को जीवंत रखते हुए लोकसंस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक यानी हमारी जनता और थात यानी हमारी विरासत एवं धरोहर। लोकथात महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। जो समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत रहती हैं। उत्तराखंड की वास्तविक पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ लोकसंस्कृति, भाषाओं और परंपराओं में भी समाहित है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र पर कार्य कर रही है। जहां एक ओर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।

 

लालकुआं विधानसभा में विकास कार्यों का किया उल्लेख

 

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा किया गया है। शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनकर तैयार हो चुका है, जबकि विजयपुर गौला पार में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।

 

उन्होंने बताया कि बिन्दुखत्ता में लगभग 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। क्षेत्र में नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनें बिछाई जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं पर काम किया जा रहा है। जंगल से सटे क्षेत्रों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।

 

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर भी दिया भरोसा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने का विषय क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा है। सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है।

 

उन्होंने वनाधिकार समिति बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ भी इस विषय पर विस्तार से चर्चा की और ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार समस्याओं को टालने के बजाय उनका समाधान करने में विश्वास रखती है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न नीतियों और निर्णयों का उल्लेख करते हुए समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और भू-कानून सहित अन्य कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे और उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो।

 

कार्यक्रम का आयोजन जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिन्दुखत्ता की ओर से किया गया। मुख्यमंत्री ने समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, लोक कलाकार कमल मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई