हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026, 250 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर के उत्पादों की झलक
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों से प्रतिभाग की अपील
हल्द्वानी, 20 नवम्बर 2026। एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में 24 नवम्बर से 03 दिसम्बर 2026 तक राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में कोऑपरेटिव बैंक सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं, स्टॉल आवंटन, प्रचार-प्रसार और विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने बताया कि सरस मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूह और व्यापारी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों से मेले में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक समूह और व्यापारी जल्द से जल्द अपने स्टॉल का पंजीकरण कराएं। स्टॉल का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। कमर्शियल स्टॉल की दर 30 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, लोक कला और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इसके माध्यम से स्थानीय उद्यमियों और महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने मेले का शुभारम्भ करने के लिए मुख्यमंत्री से भी अनुरोध किया।
समितियों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियों को उनके दायित्व सौंपे गए। मेला संचालन एवं नियंत्रण समिति को आयोजन के प्रत्येक स्तर पर निगरानी रखने और नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। वहीं, कार्यकारी एवं अनुरक्षण समिति को मेला स्थल की सुरक्षा, चिकित्सा, स्टॉल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
आवास एवं परिवहन समिति को स्वयं सहायता समूहों के आवागमन और आवास की कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रतिभागी कलाकारों के ठहरने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। खान-पान समिति को स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के भोजन एवं टोकन व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मेला पंजीकरण एवं आवंटन समिति द्वारा स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय एवं बाहरी व्यापारियों को स्टॉल आवंटित किए जाएंगे। स्वागत समिति मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों के स्वागत की व्यवस्था करेगी, जबकि लेखा समिति मेले के आय-व्यय का पूरा विवरण रखेगी।
डिजिटल माध्यमों से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
मीडिया प्रबंधन एवं प्रचार-प्रसार नियंत्रण समिति को मेले से पूर्व व्यापक प्रचार अभियान चलाने, डिजिटल एवं अन्य प्रचार सामग्री तैयार करने तथा उच्च गुणवत्ता वाली मीडिया टीजर सामग्री प्रसारित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त निरीक्षण एवं अनुसंधानात्मक समिति को मेले की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर सामने आने वाली कमियों एवं समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने सभी अधिकारियों एवं समितियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन में आने वाले स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, कलाकारों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




