मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा—अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन प्रदेश के जनपदों, घाटियों और नगरों को जोड़ने का कर रहे कार्य

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा—अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन प्रदेश के जनपदों, घाटियों और नगरों को जोड़ने का कर रहे कार्य

 

658 किलोमीटर की रोमांचक साइकिलिंग प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर गुजरेगी, 26 नवंबर को मसूरी में होगा समापन

 

देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 प्रतिभागियों का हुआ स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

 

हल्द्वानी/मुक्तेश्वर, 19 नवंबर 2026।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 जैसे आयोजन राज्य के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ ही प्रदेश में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में आयोजित भव्य गाला डिनर कार्यक्रम को लाइव संबोधित किया। उन्होंने बताया कि यह रोमांचक साइकिलिंग प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर कुल 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी साइकिलिस्टों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और प्रतिभागियों को उत्तराखंड की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों, जैव विविधता, समृद्ध कला एवं संस्कृति और पर्यटन की अपार संभावनाओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है। इससे प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं।

 

उन्होंने कहा कि ये आयोजन लोकल फॉर वोकल की भावना को मजबूत करने के साथ स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग में भी अहम भूमिका निभाते हैं। अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज प्रदेश को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

 

देशभर से पहुंचे 80 प्रतिभागियों का स्वागत

 

कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने पहुंचे 80 साइकिलिस्टों, अतिथियों और आयोजन से जुड़े लोगों का स्वागत किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन हुआ। संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति खुरपटल तथा नई दिशाएं नैनीताल के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

 

राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा ने किया मंत्रमुग्ध

 

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक प्रेमगाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित नृत्य प्रस्तुति रही। कलाकारों ने नृत्य और संगीत के माध्यम से राजुला-मालूशाही के अमर प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही ‘तेरो नथुली को डोर’ लोकगीत पर छपेली लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई।

 

पारंपरिक वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और आकर्षक नृत्य मुद्राओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से कुमाऊं की लोकसंस्कृति, परंपराओं और पहाड़ की जीवनशैली की सुंदर झलक देखने को मिली।

 

ये रहे मौजूद

 

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के मेंबर नितिन राणा, गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी, अतिथि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई