जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत का सख्त एक्शन, 51 लोगों से जमीन के नाम पर ठगी के मामले में FIR के निर्देश
हल्द्वानी, 21 नवंबर 2026। आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में जनसुनवाई कर आम जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, एमएसएमई के तहत सब्सिडी नहीं मिलने, बकाया भुगतान, पैतृक संपत्ति में हिस्सा दिलाने और प्लॉट पर कब्जा दिलाने सहित विभिन्न शिकायतें सामने आईं। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमि विवादों का समाधान तहसील स्तर पर ही सुनिश्चित करें अधिकारी
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याएं उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर आयुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मामलों का समाधान उपजिलाधिकारी एवं तहसील स्तर पर ही किया जा सकता है। इसके बावजूद शिकायतों का उच्चाधिकारियों के कार्यालय तक पहुंचना उचित नहीं है।
आयुक्त ने मंडल के सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसील अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद से संबंधित छोटी समस्याओं का निस्तारण तहसील स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से उच्च कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्रयोरी लॉज मामले में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी पर कार्रवाई के संकेत
नैनीताल शहर के अयारपाटा क्षेत्र स्थित प्रयोरी लॉज के मामले में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) द्वारा विभागीय आख्या एवं मूल नक्शा देखे बिना नक्शा सत्यापित किए जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
वर्तमान अधिशासी अधिकारी ने आयुक्त को अवगत कराया कि प्रयोरी लॉज के कार्यालय में मूल अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। इस पर आयुक्त ने कहा कि यदि जांच में इस प्रकार का कृत्य सही पाया जाता है तो संबंधित तत्कालीन अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही शासन को भी कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा।
प्लॉट पर कब्जा नहीं मिला तो भू-स्वामी को लौटाने होंगे 9 लाख रुपये
जनसुनवाई में बृजेश कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने काशीपुर में 9 लाख रुपये में एक प्लॉट खरीदा था। प्लॉट की रजिस्ट्री के साथ दाखिल-खारिज की प्रक्रिया भी पूरी हो गई थी, लेकिन बाद में पता चला कि भू-स्वामी शमशेर सिंह ने उन्हें गलत खाते की भूमि बेच दी, जिसमें कोई भूमि शेष नहीं थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने भू-स्वामी को एक सप्ताह के भीतर शिकायतकर्ता को अन्यत्र भूमि उपलब्ध कराने अथवा 9 लाख रुपये की धनराशि वापस करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित लेखपाल के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
51 लोगों से जमीन के नाम पर धनराशि लेने के मामले में FIR के निर्देश
जनसुनवाई में किच्छा निवासी इफ्तिकार अहमद ने शिकायत की कि उन्होंने जोगा सिंह से प्लॉट खरीदा था और इसके एवज में धनराशि भी दे दी थी, लेकिन उन्हें प्लॉट उपलब्ध नहीं कराया गया।
जांच में सामने आया कि संबंधित भू-स्वामी ने करीब 51 लोगों से भूमि देने के नाम पर धनराशि ली, लेकिन उन्हें जमीन उपलब्ध नहीं कराई। इस पर आयुक्त ने तहसीलदार किच्छा को मामले की जांच के निर्देश दिए। साथ ही जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ लैंड फ्रॉड एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
अन्य शिकायतों का भी आयुक्त ने लिया संज्ञान
जनसुनवाई में दीपक वर्मा ने भूमि पर कब्जा दिलाने, धन सिंह गड़िया ने भूमि नहीं मिलने पर धनराशि वापस कराने, राजकुमारी ने चोरी के जेवरात एवं नकदी वापस दिलाने, बॉबी राज ने वाहन ट्रांसफर नहीं कराने तथा मतेश सिंह ने सड़क निर्माण का बकाया भुगतान नहीं मिलने की शिकायत रखी।
वहीं जवाहर नगर निवासी शहाना ने पैतृक संपत्ति में हिस्सा दिलाने की मांग उठाई। आयुक्त ने इन शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया। शेष लंबित मामलों में दोनों पक्षों को कार्यालय में तलब कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आम जनता की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर समयबद्ध तरीके से किया जाए। भूमि विवाद और सरकारी कार्यों में लापरवाही के मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।




