डीएम ललित मोहन रयाल का अधिकारियों पर शिकंजा, पीएमजीएसवाई की तीनों डिवीजनों के अभियंताओं से मांगा स्पष्टीकरण
जिला योजना की समीक्षा बैठक में धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश; ओखलकांडा मल्ला रोड में देरी की होगी जांच
हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिला योजना एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने पीएमजीएसवाई की तीनों डिवीजनों ज्योलीकोट, हल्द्वानी और काठगोदाम के अधिशासी अभियंताओं से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि पीएमजीएसवाई की तीनों डिवीजनों को कुल 22 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य दिया गया था, जबकि अब तक मात्र 2.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण हो पाया है। इस खराब प्रगति के चलते विभाग डी श्रेणी में रहा। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए।
58 प्रतिशत के लक्ष्य के मुकाबले कई विभागों का खर्च काफी कम
जिलाधिकारी ने 31 अक्टूबर तक शासन द्वारा निर्धारित जिला योजना की न्यूनतम 58 प्रतिशत वित्तीय प्रगति के सापेक्ष कम धनराशि खर्च करने वाले विभागों से भी स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। इनमें जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा द्वारा 30 प्रतिशत, मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा 34 प्रतिशत, मुख्य कृषि अधिकारी द्वारा 35 प्रतिशत, परियोजना निदेशक उरेडा द्वारा 45 प्रतिशत तथा मुख्य उद्यान अधिकारी द्वारा 55 प्रतिशत धनराशि व्यय की गई।
बाल विकास विभाग की टेंडर प्रक्रिया में धीमी प्रगति पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि टेंडर प्रक्रिया अधिप्राप्ति नियमावली के मानकों के अनुरूप है तो उसे निरस्त न किया जाए, लेकिन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए।
ओखलकांडा मल्ला रोड में देरी की जांच एसडीएम धारी को सौंपी
ओखलकांडा मल्ला रोड के निर्माण कार्य में हो रही देरी को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी धारी को जांच अधिकारी नामित करते हुए विस्तृत एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जांच में यह स्पष्ट करने को कहा कि यदि सड़क का मामला पहले से विवादित था तो उसे जिला योजना में किसके द्वारा और किन परिस्थितियों में शामिल किया गया। साथ ही निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने के लिए जिम्मेदार अधिकारी अथवा व्यक्ति की भूमिका भी स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने जांच में सभी तथ्यों का उल्लेख करते हुए जिम्मेदारी तय करने और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नैनीताल और रामनगर पार्किंग की प्रतिदिन देनी होगी रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने नैनीताल की मेट्रोपोल पार्किंग तथा रामनगर पार्किंग के निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर पेयजल निर्माण निगम के अभियंताओं से नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं अमृतपुर बायपास निर्माण कार्य की समीक्षा में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि बायपास रोड की कटिंग का कार्य शीघ्र पूरा हो जाएगा। अप्रैल 2027 तक डामरीकरण और मई 2027 के अंत तक पुल निर्माण पूरा कर मार्ग को आवागमन के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
समय पर धनराशि खर्च करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसियों के अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी कर कार्य शुरू कराए जाएं। आचार संहिता के कारण कार्यों में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त धनराशि और समय उपलब्ध होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं होना गंभीर विषय है। जनता के एक-एक पैसे का समय से सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए। संबंधित प्रशासकीय विभाग तत्काल निर्माण एजेंसियों को धनराशि अवमुक्त करें और अधिकारी स्वयं भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की निगरानी करें।
सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए गए कि किसानों को सिंचाई के लिए समय पर पानी उपलब्ध कराया जाए। कृषि एवं उद्यान विभाग की अलग से समीक्षा करने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए गए। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा करने की बात कही।
जिला योजना में 63.51 प्रतिशत धनराशि व्यय
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश नेगी ने बैठक में बताया कि 31 अक्टूबर तक जनपद में जिला योजनांतर्गत 63.51 प्रतिशत, राज्य सेक्टर के अंतर्गत 62.27 प्रतिशत, केंद्र पोषित सेक्टर के अंतर्गत 76.96 प्रतिशत तथा बाह्य सहायतित योजनाओं के अंतर्गत 100 प्रतिशत धनराशि व्यय की जा चुकी है।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




