पुलिस कप्तान का अनूठा जनमिलन, SSP मंजूनाथ टी.सी. पहुंचे दूरस्थ गाँव पाटकोट- रामपुर, ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनीं समस्याएं
*बुजुर्गों की कुशलक्षेम से लेकर स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा, पहाड़ी व्यंजनों और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने पर दिया जोर*दूरस्थ गांवों में पहुंचे SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी, बुजुर्गों से किया संवाद, सुरक्षा का दिलाया भरोसा
पाटकोट और रामपुर गांव में जनमिलन कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण, बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक
नैनीताल/कोटाबाग, 22 नवंबर 2026।
जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी रविवार को जनमिलन कार्यक्रम के तहत कोटाबाग के दूरस्थ गांव पाटकोट एवं रामपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।
एसएसपी ने गांव के बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि नैनीताल पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने ग्रामीणों को चौकी प्रभारी कोटाबाग एवं चौकी प्रभारी बैलपड़ाव के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए, ताकि किसी भी समस्या या आपात स्थिति में सीधे पुलिस से संपर्क किया जा सके। इस दौरान ग्राम प्रधान रमेश चंद्र, पूर्व ग्राम प्रधान एवं अन्य ग्रामीणों से भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने संबंधित चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम लेते रहें। विशेष रूप से अकेले रहने वाले बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों की समस्याओं पर ध्यान देते हुए जरूरत पड़ने पर उनकी हरसंभव सहायता सुनिश्चित करें।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
ग्राम भ्रमण के दौरान एसएसपी ने क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्टाफ से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही उन्हें पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित पोलियो अभियान के कैंप का भी भ्रमण किया। एसएसपी ने नन्हे-मुन्ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनके अभिभावकों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने स्वयं बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई तथा उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की।
कुमाऊंनी व्यंजनों का लिया स्वाद, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा
एसएसपी ने क्षेत्र के एक स्थानीय होमस्टे का भ्रमण कर वहां उपलब्ध कुमाऊंनी व्यंजनों एवं पहाड़ी उत्पादों का स्वाद लिया। उन्होंने होमस्टे संचालकों से स्थानीय उत्पादों की पहचान बढ़ाने, पारंपरिक व्यंजनों को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण पर्यटन को नई पहचान दिलाने के संबंध में चर्चा की। इस दौरान संचालकों एवं स्थानीय लोगों की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
साइबर ठगी से बचाव के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक
जनमिलन कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नैनीताल पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा, चौकी प्रभारी कोटाबाग, उपनिरीक्षक राजवीर सिंह नेगी, चौकी प्रभारी बैलपड़ाव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
भास्कर न्यूज24 | हल्द्वानी, नैनीताल




