प्राधिकरण के कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता की शिकायत पर तय होगी जवाबदेही: राज्यमंत्री भावना मेहरा

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

प्राधिकरण के कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता की शिकायत पर तय होगी जवाबदेही: राज्यमंत्री भावना मेहरा

 

 

बैठक से नदारद अधिकारियों को फोन पर लगाई फटकार, विकास कार्यों में शिथिलता पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

 

नैनीताल। आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भावना मेहरा ने शुक्रवार को नैनीताल स्थित जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण सभागार में प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण का उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र में व्यवस्थित निर्माण को बढ़ावा देना है।

 

राज्यमंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने कार्य के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि आम जनता को किसी भी स्तर पर परेशानी न हो।

 

बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति राज्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मौके से ही फोन करवाकर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, जिले में प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए।

 

राज्यमंत्री ने जिले की नगरपालिकाओं एवं नगर निगम क्षेत्रों में आवंटित आवासों की जानकारी भी प्राप्त की। इसके साथ ही जिला पंचायत एवं नगर पालिका क्षेत्रों में आवासीय भवनों के मानचित्रों की स्वीकृति के दौरान मार्गों की चौड़ाई से संबंधित नियमों में आवश्यक शिथिलीकरण किए जाने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार आम जनता को राहत मिल सके।

 

उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि कार्यप्रणाली में लापरवाही, अनावश्यक देरी और जनसमस्याओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता को राहत देना और उनकी समस्याओं का समाधान करना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है।

 

अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत

 

बैठक से पूर्व कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री भावना मेहरा का स्वागत किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, दया किशन पोखरिया, मनोज भट्ट, हरीश राणा, प्रदीप बिष्ट, डीएसए महासचिव मनोज जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा, सभासद लता दफौटी, गजाला कमाल, संतोष साह, शिवांशु जोशी, अखिलेश सेमवाल, मोहित लाल साह, आशुतोष चंदोला, अर्पण जैन, शुभम कुमार, पूरन चंद्र जोशी, कमलेश रावत, उज्ज्वल चंद्रा, नीतू जोशी, रचना मेहरा और मीनाक्षी आर्य मौजूद रहे।

 

इसके अलावा सहायक अभियंता अभिषेक कुमार, शिवम धीमान, अधिशासी अभियंता एसके सहगल, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य, प्रोजेक्ट ऑफिसर चांदनी बंसल सहित नगर निगम, जिला पंचायत, नगरपालिका, पर्यटन, विद्युत, उरेडा एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई