नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में जनगणना के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण शुरू, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दी गई जानकारी

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में जनगणना के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण शुरू, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दी गई जानकारी

 

अधिकारियों ने जनगणना को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए सतर्कता, सटीकता और समयबद्धता के साथ कार्य संपन्न कराने के दिए निर्देश

 

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में जनगणना के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम विधिवत शुरू हो गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य की बारीकियों, विभिन्न प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चार्ज अधिकारी गजेंद्र पाल सिंह सोन, गणेश भट्ट एवं नगर परियोजना अधिकारी ईश्वरी प्रसाद पंत ने जनगणना के द्वितीय चरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसे पूरी सतर्कता, सटीकता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है।

 

मास्टर ट्रेनर्स ने दी व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी

 

प्रशिक्षण सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर्स की टीम ने प्रतिभागियों को जनगणना कार्य से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारियां प्रदान कीं। प्रशिक्षण देने वाली टीम में मुख्य वक्ता के रूप में पूरन चंद तिवारी, राजेश जोशी, मीनाक्षी कीर्ति, पुरुषोत्तम बिष्ट, दीपांकर ब्रजवासी, गौरी शंकर काण्डपाल और पूरन सिंह बुंग्ला शामिल रहे।

 

वक्ताओं ने जनगणना प्रपत्रों को सही तरीके से भरने, आंकड़ों के संकलन तथा जनगणना प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही प्रतिभागियों को कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई।

 

निष्पक्ष और त्रुटिरहित जनगणना का दिलाया संकल्प

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य पूरी निष्पक्षता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने का संकल्प दिलाया गया। अधिकारियों ने जनगणना के महत्व को देखते हुए सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारियों का सही ढंग से उपयोग करने और अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने की अपेक्षा की।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई