नाले में गौवंशीय अवशेष मिलने पर बरेली एसएसपी का बड़ा एक्शन, 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
रिपोर्ट /राजेश सिंह
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदापुर चौधरी में नाले में गौवंशीय अवशेष मिलने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कड़ा कदम उठाया है। मामले में लापरवाही सामने आने पर थाना इज्जतनगर में तैनात सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में मु0अ0सं0 230/2026 धारा 3/8 गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान बीट पुलिसिंग में गंभीर लापरवाही और घटना की रोकथाम में विफलता सामने आई। क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक उमेश कुमार राय और अमित कुमार के साथ ही हेड कांस्टेबल मोहम्मद सलीम, पप्पूराम, मनोज कुमार, सर्वेश कुमार तथा कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


