बरेली के आदित्य शंकर गंगवार का गिनीज रिकॉर्ड की ओर कदम, 220 घंटे लगातार पाठ करने की अनोखी चुनौती

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली के आदित्य शंकर गंगवार का गिनीज रिकॉर्ड की ओर कदम, 220 घंटे लगातार पाठ करने की अनोखी चुनौती

रिपोर्ट सत्य प्रकाश

बरेली के सीबीगंज क्षेत्र के खलीलपुर रोड निवासी आदित्य शंकर गंगवार ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने के लिए एक अनूठी पहल की है। शनिवार सुबह उन्होंने भगवान शिव की पूजा के साथ माता-पिता का आशीर्वाद लेकर चुनौती की शुरुआत की। ठीक 9:30 बजे उन्होंने लगातार बोलकर पढ़ने के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने के लक्ष्य के साथ पाठ शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक आदित्य 32 घंटे का सफर सफलतापूर्वक पूरा कर चुके थे।

मौजूदा रिकॉर्ड 215 घंटों का है, जिसे नाइजीरिया के एक युवक ने बनाया था। आदित्य इसे पीछे छोड़ने के लिए बिना सोए लगातार 220 घंटे तक पढ़ने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। नियमों के अनुसार उन्हें हर घंटे केवल पाँच मिनट का छोटा विश्राम मिल सकता है। इस दौरान वे पानी, जूस, चाय या कॉफी ले सकते हैं, हालांकि ठोस भोजन की इजाजत नहीं है। यानी लगभग नौ दिन तक वे सिर्फ तरल पदार्थों के सहारे ही अपनी चुनौती जारी रखेंगे।

आदित्य के पिता शंकर लाल गंगवार के मुताबिक, आदित्य समाज सेवा से जुड़े हैं और एमएड की पढ़ाई भी कर रहे हैं। विश्व रिकॉर्ड बनाने का सपना वे काफी समय से देख रहे थे। करीब आठ महीने पहले उन्होंने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड मुख्यालय से रिकॉर्ड प्रयास की अनुमति मांगी थी, जो लंबी प्रक्रिया के बाद उन्हें प्राप्त हुई।

पूरे अभियान की निगरानी के लिए 24 सदस्यों की टीम तैयार की गई है, जो अलग-अलग शिफ्टों में उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। साथ ही, कई कैमरों की मदद से 24 घंटे पूरा रिकॉर्ड बनाया जा रहा है। समाजसेवी सर्वेश सिंह, उद्योग व्यापार मंडल बरेली के महामंत्री अनुज गुप्ता और विनीत गुप्ता सहित कई लोगों ने आदित्य को इस कठिन चुनौती के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई