दोस्त ने ही रची साजिश: एमबीबीएस छात्र का अपहरण कर मांगी 50 लाख की फिरौती,

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

दोस्त ने ही रची साजिश: एमबीबीएस छात्र का अपहरण कर मांगी 50 लाख की फिरौती,

फिरोज खान/यूपी हेड
ब्यूरो रिपोर्ट/हैदर अली

बरेली पुलिस ने किया पर्दाफाश

बरेली। दोस्ती के नाम पर विश्वासघात का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बरेली के फतेहगंज पश्चिमी इलाके के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ रहे एमबीबीएस छात्र का अपहरण उसके ही दोस्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर किया और छात्र के पिता से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

महाराष्ट्र के सोनोई निवासी गौरव वरपे फतेहगंज पश्चिमी के एक मेडिकल कॉलेज में तीसरे वर्ष का छात्र है। उसी कॉलेज में पीलीभीत निवासी दिविज और गौरवेंद्र भी पढ़ते हैं। पुलिस जांच में पता चला कि कॉलेज में किसी ने अफवाह फैला दी थी कि गौरव के बैंक खाते में एक करोड़ रुपये जमा हैं। इसी लालच में दिविज ने कुछ स्थानीय युवकों के साथ मिलकर गौरव के अपहरण की साजिश रची।

शनिवार शाम गौरव, दिविज और गौरवेंद्र स्कूटी से घूमने निकले थे। इसी दौरान राधा कृष्ण मंदिर के पास एक इको कार ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। कार में सवार लोगों ने तीनों को जबरन अंदर बैठा लिया। बाद में गौरव को पता चला कि उसका दोस्त दिविज ही उन लोगों को “सोनू” नाम से बुला रहा था और उन्हीं के साथ मिला हुआ था।

जंगली इलाके में ले जाकर आरोपियों ने गौरव के मोबाइल से उसके खाते से 60 हजार रुपये ट्रांसफर किए और फिर उसके पिता व दोस्त कपिल को कॉल कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। देर रात जब पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की और इलाके में घेराबंदी की तो आरोपी गौरव को छोड़कर भाग गए।

थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि गौरव की तहरीर पर दिविज, सोनू और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दिविज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि मामला गंभीर है, पुलिस ने कई सुराग जुटा लिए हैं और घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अपहरण का पूरा खेल गौरव के खाते में करोड़ों रुपये होने की झूठी अफवाह से शुरू हुआ था। लालच में अंधे होकर दिविज ने अपने ही दोस्त को फंसाने की योजना बनाई, लेकिन पुलिस की सक्रियता ने बड़ी वारदात को टाल दिया।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई