मेरठ में दिल दहला देने वाली वारदात: बेटी को बचाने में मां की हत्या, युवती का अपहरण, आरोपी गिरफ्तार

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

 

मेरठ में दिल दहला देने वाली वारदात: बेटी को बचाने में मां की हत्या, युवती का अपहरण, आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट/ राजेश सिंह 

खबर:

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में एक महिला की निर्मम हत्या कर उसकी बेटी का अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवती को सुरक्षित बरामद कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाली महिला अपनी 20 वर्षीय बेटी के साथ खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों के साथ युवती को जबरन अगवा करने की कोशिश की। मां ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी युवती को लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कई टीमों का गठन कर तलाश शुरू की। करीब 48 घंटे बाद पुलिस ने हरिद्वार से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

घटना से गांव में आक्रोश फैल गया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने हत्या और अपहरण सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई