तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी दो जिंदगियां, एक युवती गंभीर — CCTV खंगाल रही पुलिस

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी दो जिंदगियां, एक युवती गंभीर — CCTV खंगाल रही पुलिस

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

बरेली।

यूपी के बरेली देहात की बहेड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। गांव भूड़ा बहादुरपुर के पास नारायण नगला मंडी के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीन लोग मौसेरे भाई की बेटी के जन्मदिन के लिए गिफ्ट लेने बहेड़ी जा रहे थे।

मौके पर ही दो युवकों की मौत

हादसे में शिवम भारती निवासी गरीबपुरा बहादुरपुर और विमल निवासी मनकापुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार युवती युक्ति गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने घायल युवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

शव मोर्चरी भेजे, गांव में पसरा मातम

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। मृतकों की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही अस्पताल और गांव में कोहराम मच गया।

फरार ट्रक चालक की तलाश

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

क्या करता था शिवम?

जिला पंचायत सदस्य संतोष भारती ने बताया कि मृतक शिवम बचपन से ही उनके साथ रहकर खेती-किसानी करता था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहा था।

मजदूरी कर परिवार चलाता था विमल

मृतक विमल के पिता ने बताया कि उनका बेटा ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। विमल की असमय मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति और भी दयनीय हो गई है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई