बरेली कैंट में पुरानी रंजिश में चली गोलियां, दो पक्ष आमने-सामने, दो घायल

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

 

बरेली कैंट में पुरानी रंजिश में चली गोलियां, दो पक्ष आमने-सामने, दो घायल

खबर:

रिपोर्ट/ राजेश सिंह 

बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में दोनों ओर से एक-एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

फायरिंग की इस घटना में कैंट थाना क्षेत्र के गांव चौबारी निवासी 34 वर्षीय गुरवेंद्र सिंह पुत्र रमेश पाल और सुभाष नगर थाना क्षेत्र के गांव महेशपुर ठकुराइन निवासी सत्येंद्र पुत्र रविंद्र घायल हुए हैं। गुरवेंद्र सिंह का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि सत्येंद्र को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गुरवेंद्र सिंह के परिजनों का आरोप है कि करीब डेढ़ साल पहले गांव में मकान बनवाने के बाद से ही कुछ लोग उनसे रंगदारी मांग रहे थे और आए दिन गाली-गलौज व धमकियां दी जा रही थीं। परिजनों के अनुसार लगभग 15 दिन पहले गुरवेंद्र के भाई सुखेंद्र के साथ मारपीट भी की गई थी। आरोप है कि बुधवार रात आरोपी उनके घर पहुंचे और फायरिंग कर दी, जिसमें गुरवेंद्र गोली लगने से घायल हो गया।

वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि सत्येंद्र अपने चाचा विष्णु से मिलने गया था। लौटते समय रास्ते में गुरवेंद्र और उसके भाई सुखेंद्र ने उसे घेर लिया और फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से कैंट थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई