बरेली में यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा आज से शुरू, 19 केंद्रों पर 32,640 अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा आज से शुरू, 19 केंद्रों पर 32,640 अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

बरेली।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा शनिवार से बरेली में शुरू हो गई। दो दिवसीय यह परीक्षा 14 और 15 मार्च को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जिसमें कुल 32,640 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में व्यवस्था की गई है। परीक्षा से पहले कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने केंद्र व्यवस्थापकों और मजिस्ट्रेटों के साथ तैयारियों की समीक्षा की थी और सभी को समय से ड्यूटी पर पहुंचने तथा भर्ती बोर्ड के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए थे।

दो पालियों में हो रही परीक्षा

परीक्षा दोनों दिनों में दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में करीब 8,160 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा केंद्रों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।

दूर-दराज जिलों से पहुंचे अभ्यर्थी

परीक्षा देने के लिए कई अभ्यर्थी दूर-दराज जिलों से भी बरेली पहुंचे हैं। बरेली कॉलेज सहित प्रमुख केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है।

तीन स्तर की सुरक्षा जांच

अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले तीन स्तर की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ रहा है। जूते, मोजे, बेल्ट, घड़ी और अन्य सामान परीक्षा कक्ष के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध है। किसी भी प्रकार की नकल या अनधिकृत सामग्री को रोकने के लिए पुलिस कर्मी जूतों तक की जांच कर रहे हैं।

सीसीटीवी से निगरानी

परीक्षा की निगरानी के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 4 रिजर्व मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जोनल मजिस्ट्रेट भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सभी केंद्रों पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है। इन कैमरों की लाइव फीड सीधे लखनऊ स्थित कंट्रोल सेंटर से भी मॉनिटर की जा रही है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभ्यर्थियों की पहचान और तलाशी प्रक्रिया में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि कोई भी फर्जी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश न कर सके। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई