बरेली के भमोरा में खेत में मिला दिव्यांग युवक का शव, हत्या की आशंका से फैली सनसनी

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली के भमोरा में खेत में मिला दिव्यांग युवक का शव, हत्या की आशंका से फैली सनसनी

 

शरीर पर कई चोटों के निशान, पहचान नहीं हो सकी — पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रिपोर्ट/राजेश सिंह 

बरेली। बरेली देहात के भमोरा थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सेंधा-श्योराजपुर मार्ग के किनारे स्थित एक खेत में नलकूप के पास युवक का शव पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक यह खेत सिपट्टर सिंह का बताया जा रहा है। खेत पर पहुंचे लोगों ने जब युवक को मृत अवस्था में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भमोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतक युवक दोनों पैरों से दिव्यांग था। उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान भी पाए गए हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव को खेत में लाकर फेंका गया है।

घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि काफी कोशिशों के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है, ताकि युवक की शिनाख्त की जा सके।

भमोरा थाना प्रभारी सनी चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और स्थानीय लोग जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई