बरेली में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू, उर्स के ‘कुल’ के बीच सुरक्षा और ट्रैफिक पर बड़ा चैलेंज

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बरेली में होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू, उर्स के ‘कुल’ के बीच सुरक्षा और ट्रैफिक पर बड़ा चैलेंज

तीन दिन में 52 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, STF और खुफिया एजेंसियां अलर्ट

रिपोर्ट सत्य प्रकाश 

बरेली जिले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का शनिवार से आगाज हो गया है, जो 25, 26 और 27 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। इस बार परीक्षा के पहले ही दिन उर्स-ए-ताजुश्शरिया के ‘कुल’ के चलते प्रशासन के सामने सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। शहर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों को भी सक्रिय कर दिया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए होटलों, लॉजों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

यह भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। कुल 52,416 अभ्यर्थी तीन दिनों में परीक्षा देंगे। प्रत्येक दिन 17,472 उम्मीदवार शामिल होंगे, जिनमें हर पाली में 8,736 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

एसपी ट्रैफिक मुहम्मद अकमल खान के अनुसार इस परीक्षा में सात जिलों के अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। इनमें हरदोई से सबसे अधिक 14,658, फर्रुखाबाद से 14,593 और खीरी से 13,545 उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा सीतापुर, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के अभ्यर्थी भी परीक्षा में भाग ले रहे हैं।

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बरेली कॉलेज, बरेली इंटर कॉलेज, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज (रिठौरा), एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज सहित कई प्रमुख शिक्षण संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, केपीआरसी कला केंद्र, कुंवर रंजीत सिंह इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, साहू गोपीनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज और विष्णु इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

प्रशासन का दावा है कि सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं के साथ सुरक्षा और निगरानी के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई