बरेली में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
रिपोर्ट राजेश सिंह
बरेली। जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मंजा में एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम निवासी रामकिशोर ने आरोप लगाया है कि बीते 8 मई 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी 14 वर्षीय पुत्री खेत की ओर गई थी, जहाँ पड़ोस में ही रहने वाले पवन और अनुज नामक युवकों ने उसे जबरन दबोच लिया। आरोप है कि दोनों युवक पीड़िता को खींचकर पास के लिप्टिस के बाग में ले गए और उसके साथ दरिंदगी की। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर जब गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे, तो आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पुलिस की भूमिका को लेकर है। पीड़ित पिता का कहना है कि वे घटना के तुरंत बाद अपनी बेटी को लेकर थाना अलीगंज पहुंचे थे, लेकिन स्थानीय पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। थाने से न्याय न मिलता देख पीड़ित ने 10 मई को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और एसएसपी बरेली को भी डाक के माध्यम से पत्र भेजकर पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों के विरुद्ध कोई कानूनी कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार डरा हुआ है। अब पीड़ित पिता ने उच्चाधिकारियों को दोबारा प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई है कि दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है और पुलिस की शिथिलता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।





