दिनेश एनकाउंटर: चार दिन बाद पुलिस के शिकंजे में आया फरार आजीवन कारावास का कैदी, पैर में लगी गोली

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

दिनेश एनकाउंटर: चार दिन बाद पुलिस के शिकंजे में आया फरार आजीवन कारावास का कैदी, पैर में लगी गोली

जेल से फरार कैदी ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल होकर गिरफ्तार

रिपोर्ट राजेश सिंह 

बरेली। इज्जतनगर स्थित केंद्रीय कारागार से फरार हुए आजीवन कारावास की सजा काट रहे सिद्धदोष कैदी दिनेश को पुलिस ने चार दिन की तलाश के बाद मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में उपचार दिलाने के बाद दोबारा केंद्रीय कारागार भेज दिया गया। फरारी के बाद पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

दुष्कर्म और पॉक्सो मामले में काट रहा था आजीवन कारावास

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र के नन्हेडा गांव का रहने वाला दिनेश है। वर्ष 2020 में उसके खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 377, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। अदालत ने 9 जनवरी 2026 को उसे आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई थी। पहले उसे बिजनौर जेल में रखा गया और बाद में 19 अप्रैल 2026 को केंद्रीय कारागार बरेली स्थानांतरित किया गया।

खेती के काम के दौरान चकमा देकर जेल से हुआ था फरार

22 जून को दिनेश को जेल परिसर स्थित कृषि फार्म में काम करने के लिए भेजा गया था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह पानी पीने का बहाना बनाकर ट्यूबवेल की ओर गया और वहां से ढेंचा के खेतों का सहारा लेकर जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। करीब एक घंटे बाद जेल प्रशासन को उसकी फरारी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें उसकी तलाश में जुट गईं।

जेल कर्मियों पर हुई कार्रवाई, सात कर्मचारी निलंबित

कैदी के फरार होने की घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए जेलर, डिप्टी जेलर समेत सात जेल कर्मियों को निलंबित कर दिया गया। वहीं एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस की कई टीमें लगातार उसकी तलाश में लगी थीं।

परतापुर में मिला ठिकाना, अमरोहा भागने की थी तैयारी

पूछताछ में दिनेश ने बताया कि जेल से भागने के बाद वह परतापुर निवासी नासिर कुरैशी के घर जाकर छिप गया था। उसकी नासिर से पहचान जेल की दीवार के पास खेत में काम करने के दौरान हुई थी। पुलिस को सूचना मिली कि वह रात में नासिर से तमंचा लेकर अमरोहा भागने की तैयारी कर रहा है।

पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देखकर दिनेश एक खंडहर मकान में छिप गया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

फरारी और पुलिस पर हमले के मामले में भी दर्ज होंगे मुकदमे

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दिनेश के खिलाफ अब जेल से फरार होने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने, अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं में अलग से मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उपचार के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा केंद्रीय कारागार बरेली भेज दिया गया।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई