हल्द्वानी में भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा, डीएम के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन; कार्रवाई की उठाई मांग                                                           

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

हल्द्वानी में भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा, डीएम के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन; कार्रवाई की उठाई मांग।                                                              हल्द्वानी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के दौरान पुलिस कार्यालय में हुए कथित विवाद को लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में रविवार को जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

भाजपा ने ज्ञापन के जरिए एसएसपी कार्यालय में हुए कथित हंगामे और कांग्रेस नेताओं द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार की जांच कराने की मांग की है। पार्टी ने जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की जनसभा में अपेक्षित संख्या में भीड़ नहीं पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर वाहनों को रोके जाने के आरोप लगाए। उनका कहना है कि इसी दौरान कुछ कांग्रेस नेताओं द्वारा पुलिस अधिकारियों के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया और एसएसपी कार्यालय में पहुंचकर हंगामा किया गया।

बिष्ट ने कहा कि सरकारी कार्यालय में इस तरह का कथित व्यवहार संवैधानिक संस्थाओं और प्रशासनिक व्यवस्था की मर्यादा के विपरीत है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों को चिन्हित करने तथा दोष सिद्ध होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से यह भी आग्रह किया कि मामले की जांच कर शासकीय कार्य में व्यवधान, सरकारी मर्यादा के उल्लंघन और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने से जुड़े पहलुओं पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, हुकुम सिंह कुँवर, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा, देवेंद्र ढैला, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रदीप जनोटी, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नेगी, जिला महामंत्री रंजन सिंह बर्गली, विनीत अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई