आयुक्त दीपक रावत की जनसुनवाई में कई मामलों का मौके पर समाधान, भूमि विवाद से लेकर दिव्यांग प्रमाण पत्र तक निस्तारण

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!

आयुक्त दीपक रावत की जनसुनवाई में कई मामलों का मौके पर समाधान, भूमि विवाद से लेकर दिव्यांग प्रमाण पत्र तक निस्तारण

सहसंपादक हरीश भाकुनी

हल्द्वानी, 22 अगस्त 2026। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, बकाया धनराशि, आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने, दिव्यांग प्रमाण पत्र, मार्ग एवं पार्कों से अवैध अतिक्रमण हटाने सहित विभिन्न नागरिक समस्याओं की सुनवाई की। आयुक्त ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया।

 

भूमि विवाद का हुआ निस्तारण, फरियादी ने जताया आभार

 

पिछली जनसुनवाई में ग्राम सल्ट, अल्मोड़ा निवासी लीला देवी ने शिकायत की थी कि उन्होंने काशीपुर के चांदपुर स्थित पर्वतीय कॉलोनी में बिल्डर से प्लॉट खरीदा था, लेकिन मौके पर रजिस्ट्री में दर्ज रकबे से कम भूमि मिली। आयुक्त ने दोनों पक्षों को जनसुनवाई में तलब किया। आपसी समझौते के बाद बिल्डर ने लीला देवी को रजिस्ट्री के अनुसार मूल रकबे के बराबर भूमि उसी कॉलोनी में अन्य स्थान पर उपलब्ध करा दी। समस्या का समाधान होने पर फरियादी ने आयुक्त का आभार जताया।

 

वन पंचायतों के गठन के निर्देश

 

जनसुनवाई में क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति एवं वन पंचायत के सदस्यों ने वन पंचायतों के गठन को लेकर ज्ञापन सौंपा। समिति ने बताया कि कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा को छोड़कर अन्य जनपदों में वन पंचायतों का गठन नहीं हुआ है। इस पर आयुक्त दीपक रावत ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को शीघ्र वन पंचायतों का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

चित्रेश्वर धाम में अतिक्रमण की होगी स्थलीय जांच

 

रानीबाग स्थित ऐतिहासिक चित्रेश्वर धाम (चित्रशिला घाट) परिसर में कथित अतिक्रमण का मामला भी जनसुनवाई में पहुंचा। कत्यूरी समाज के लोगों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने संबंधित उपजिलाधिकारी एवं प्राधिकरण के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

 

दिव्यांग प्रमाण पत्र की शिकायत का हुआ समाधान

 

ग्राम प्रतापपुर, गोलापार निवासी कंचन बिष्ट ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाने को लेकर शिकायत की थी। आयुक्त के निर्देशों पर संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाकर जारी कर दिया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद कंचन बिष्ट ने लिखित रूप से बताया कि “मेरा कार्य हो गया है।”

 

बकाया धनराशि 2 अक्टूबर तक लौटाने के निर्देश

 

दुर्गापुरी, रामनगर निवासी तारा सती ने शिकायत की कि कैलाश सैनी द्वारा निर्धारित समय पर उनकी धनराशि वापस नहीं की गई। मामले का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने आगामी 2 अक्टूबर तक धनराशि वापस करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित समय सीमा में भुगतान न होने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

 

भूमि की रजिस्ट्री सात दिन में कराने के निर्देश

 

रुद्रपुर की नई बस्ती, भूतबंगला निवासी राधा डोगरा ने शिकायत की कि वर्ष 2016 में भूमि खरीदने के बावजूद इकरारनामे के अनुसार दाखिल-खारिज एवं रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है। आयुक्त ने संबंधित पक्ष को सात दिन के भीतर रजिस्ट्री की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न करने और प्रकरण का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

 

पार्कों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग

 

जनसुनवाई में ललित जोशी, शीशमहल ने आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने, महेश चंद्र जोशी ने इंदिरा आवास कॉलोनी, हल्दूचौड़ स्थित सार्वजनिक पार्क को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा जगदंबिका विहार, भगवानपुर तल्ला, वार्ड नंबर 41 के लोगों ने कॉलोनी के पार्क को अतिक्रमण एवं कब्जे से मुक्त कराने का अनुरोध किया।

 

आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई के दौरान अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई