एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने किया हल्द्वानी डकैती कांड का खुलासा
सहसंपादक हरीश भाकुनी
हथियारों के बल पर करीब 8 लाख की डकैती, दो नकाबपोश आरोपी गिरफ्तार; तमंचा, 8 जिंदा कारतूस और ₹66 हजार बरामद
पिस्टल-तमंचे और 8 जिंदा कारतूस बरामद, लूटी गई रकम में से ₹66 हजार पुलिस ने किए बरामद
हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में 19 अगस्त की शाम हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की डकैती का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व और निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से ₹66 हजार, एक 315 बोर का तमंचा और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त की शाम डायल-112 के माध्यम से गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूटपाट की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को वादी नारायण दास ने बताया कि KIA शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय/गैरेज में करीब 10 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर लगभग 8 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन तथा सोने की चैन और अंगूठी लूट ली।
मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी ने करीब 50 अधिकारी-कर्मचारियों की विशेष टीम गठित कर अलग-अलग टास्क सौंपे।
सीसीटीवी और सर्विलांस से पुलिस को मिली अहम कड़ी
टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद सहित थाना पुलिस, SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS और डॉग स्क्वायड को शामिल किया गया। एसएसपी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। सुरागरसी-पतारसी के आधार पर दो संदिग्ध वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह पुलिस के रडार पर आए, जिन्हें पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए रची डकैती की साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी किच्छा निवासी यश सिडाना के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक यश सिडाना जुए में लाखों रुपये हार चुका था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसी दौरान गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की जानकारी के बाद आरोपियों ने लूट की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले घटनास्थल की रेकी की और अन्य लोगों को भी योजना में शामिल किया। इसके बाद नकाबपोश होकर हथियारों के बल पर कार्यालय में डकैती की गई। वारदात के बाद लूटी गई रकम आपस में बांट ली गई, जबकि मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए गए ताकि डिजिटल साक्ष्य न मिल सकें।
गिरफ्तार आरोपियों से यह बरामद
वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू के कब्जे से ₹31 हजार और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
रखवीर सिंह के कब्जे से ₹35 हजार नकद, एक 315 बोर का तमंचा और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 61(2) और 317(3) BNS की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि अपराध को संगठित तरीके से अंजाम दिए जाने के आधार पर BNS के नए प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
1. वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, पुत्र सुखपाल सिंह, निवासी विथा अकबर, सितारगंज, ऊधमसिंह नगर, उम्र 25 वर्ष।
2. रखवीर सिंह, पुत्र हरविंदर सिंह, निवासी ईश्वरपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, उम्र 28 वर्ष।
रखवीर सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले शामिल हैं। वहीं वंशप्रीत सिंह का आपराधिक इतिहास पुलिस द्वारा खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम को एसएसपी ने किया पुरस्कृत
डकैती की घटना के शीघ्र खुलासे में जुटी पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने टीम को ₹2,500 के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
इनपुट: नैनीताल पुलिस
रिपोर्ट: भास्कर न्यूज 24





